बरेली: उत्तराखंड से आने वाले 32 ओवरलोड वाहनों के किए चालान
बरेली, अमृत विचार। बहेड़ी बार्डर पर उत्तराखंड से आने वाले ओवरलोड वाहनों पर परिवहन विभाग की कार्रवाई जारी है। रविवार रात टीम ने रेत और बालू के 32 ओवरलोड वाहनों के चालान किए।
उत्तराखंड से रेता बजरी और बालू से भरे ओवरलोड ट्रक यूपी की सीमा में प्रवेश करते हैं। जिससे हादसों का खतरा बढ़ गया है। पिछले दिनों कई हादसे होने के बाद जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने आरटीओ प्रवर्तन दिनेश कुमार सिंह को ओवरलोड वाहनों पर कार्रवाई करने के लिए निर्देश दिए थे।
आरटीओ ने कहा था कि टोल प्लाजा वाले ओवरलोड वाहनों की जानकारी नहीं दे रहे है, जिससे कार्रवाई करने में दिक्कत आ रही है। इस पर जिलाधिकारी ने टोल प्लाजा पर कैमरे लगाने को कहा था। जिसके बाद अब परिवहन विभाग की टीम ने बहेड़ी क्षेत्र में ओवरलोड वाहनों के खिलाफ चेकिंग अभियान शुरू कर दिया है। रविवार की रात एआरटीओ प्रवर्तन संदीप जायसवाल ने टीम के साथ 32 ओवरलोड वाहनों के चालान किए।
सड़क सुरक्षा पखवाड़े के तहत भी कार्रवाई
सड़क सुरक्षा पखवाड़े के तहत सोमवार को शहर में चेकिंग अभियान चलाया गया। जिसमें प्रेशर हार्न लगा होने पर दो, हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट नहीं होने पर चार, तीन सवारी पर दो, बिना हेलमेट के 39 और गलत दिशा में वाहन चलाने पर आठ वाहनों के चालान किए गए।
ये भी पढे़ं- New Year 2024: ग्रीटिंग कार्ड का दौर खत्म, अब नए साल पर सोशल मीडिया से बधाई दे रहे लोग
