शाहजहांपुर: तालाबों पर अवैध कब्जे, कैसे हो सौंदर्यीकरण
शाहजहांपुर, अमृत विचार। नगर निगम की ओर से तालाबों का सौंदर्यीकरण कराया जाना है, लेकिन तमाम तालाबों पर अवैध कब्जे हो गए हैं। एक तालाब पर तो इस समय भवन निर्माण का कार्य खुलेआम चल रहा है। ऐसे में सवाल पैदा हो गया है कि क्या कभी नगर निगम इन तालाबों को अपने कब्जे में ले भी पाएगा। नगर निगम की ओर से तालाबों से अवैध कब्जे हटाए जाने की चर्चा लंबे समय से चल रही है, लेकिन अभी तक अवैध कब्जे हटाने की शुरूआत तक नहीं हो सकी है।
बीते दिनों नगर निगम की ओर से शहर के चार तालाब अमृत योजना के तहत सौंदर्यीकरण कराने के लिए चिह्नित किए गए थे। जब तालाबों का रिकार्ड खंगाला गया तो अवैध कब्जों की बात सामने आई। पता चला कि शहर खास उत्तरी बाहर चुंगी, शहर खास उत्तरी अंदर चुंगी पक्का तालाब और अजीजगंज स्लम एरिया स्थित तालाबों को नगर निगम ने चिह्नित किया है, लेकिन इनसे कब्जा नहीं हटाया जा सका है। इसी तरह चिनौर के तालाबों से भी अवैध कब्जा नहीं हट सका है।
वर्तमान में एक तालाब शहर खास उत्तरी बाहर चुंगी और दूसरा शहर खास उत्तरी अंदर चुंगी में स्थित है। नगर निगम (तब नगर पालिका) ने तालाब को पिलर और तार बांधकर कवर किया था। कुछ महीने पहले एक तालाब की जमीन पर बोर्ड लगा था और उस पर लिखा था कि इस भूमि पर हाईकोर्ट का स्टे है। 2018 से मुकदमा चल रहा है।
आसपास के लोगों ने बताया कि तालाब में वर्षा जल का संचयन करने और शुद्ध करके उसका उपयोग करने के लिए तत्कालीन नगर पालिका प्रशासन की ओर से प्लांट लगाया जा रहा था, तभी एक व्यक्ति ने तालाब पर अपने स्वामित्व का दावा ठोंक दिया और हाईकोर्ट से स्टे लेकर काम प्लांट का काम रुकवा दिया। शहर खास उत्तरी अंदर चुंगी में पक्का तालाब स्थित है।
इस तालाब पर लोग कूड़ा डाल रहे हैं। यहां कुछ मकान भी बने हैं। कुछ हिस्से पर कूड़ा बीनने वालों का कब्जा है। ये लोग इधर-उधर से कबाड़ लाकर इसी मैदान में एकत्र करते हैं। कूड़े में से तार आदि काम की चीजें निकालते हैं। मैदान में कूड़ा पड़ने की वजह से उठने वाली बदबू से भी लोग परेशान हैं। बताया जाता है कि पुराने समय में यह तालाब इतना गहरा था कि इसमें हाथी नहाते थे।
चार तालाबों का अमृत योजना के तहत सौंदर्यीकरण कराने की योजना है। इसके लिए एक बार डीपीआर बनाकर भेजी जा चुकी है। अगर अवैध कब्जे हैं तो जांच कराई जाएगी। -आशीष त्रिवेदी, अधिशासी अभियंता (सिविल) नगर निगम।
ये भी पढे़ं- शाहजहांपुर: आफत बनीं डेरियां, ठंडे बस्ते में प्रबंधन की कार्रवाई...सड़कों पर घूम रहे पशुओं के झुंड
