पीलीभीत: अंडरपास में जलभराव की दिक्कत से परेशान ग्रामीणों ने ट्रैक पर आकर रोकी ट्रेन, दुधियाखुर्द स्टेशन पर चला हंगामा
पीलीभीत/पूरनपुर, अमृत विचार। दुधिया खुर्द रेलवे स्टेशन के अंडरपास में जलभराव से तंग ग्रामीणों का धैर्य जवाब दे गया। मंगलवार कई गांवों के ग्रामीण रेलवे ट्रैक पर धरने पर बैठ गए। दुधिया स्टेशन पर करीब डेढ़ घंटे तक ट्रेन रोके रखी। आखिर में रेलवे और पुलिसकर्मियों ने चार जनवरी तक जलभराव की समस्या से राहत दिलाने का आश्वासन दिया। तब जाकर ग्रामीण ने ट्रैक छोड़ा और ट्रेन पूरनपुर के लिए रवाना हुई।
बता दें कि धर्मापुर में दुधिया रेलवे स्टेशन की पश्चिमी दिशा में अंडरपास बना है। ग्रामीणों का आरोप है कि बिन बरसात भी अंडरपास में तीन से पांच फीट तक पानी भरा रहता है। इससे क्षेत्र की करीब एक लाख से अधिक आबादी को रोजाना जलभराव से जूझना पड़ता है। आए दिन ग्रामीण अंडरपास में गिरकर घायल होते रहते हैं। कई बार शिकायत की गईं, लेकिन जलभराव का कोई समाधान नहीं हुआ। मजबूरन ग्रामीणों को रेल रोक विरोध-प्रदर्शन का रास्ता चुनना पड़ा।
मंगलवार को धर्मापुर, दुधिया खुर्द, बंजरिया, निजामपुर, बिल्हारी, लहिया, नजीरगंज, जहूरगंज समेत कई गांवों के सैकड़ों ग्रामीण दुधिया रेलवे स्टेशन पहुंचे। दोपहर करीब डेढ़ बजे मैलानी से पूरनपुर जाने वाली ट्रेन जैसे ही दुधिया खुर्द रेलवे स्टेशन पहुंची।
रेल प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए ग्रामीण ट्रैक पर काबिज होकर बैठ गए। ट्रैक पर बैठे ग्रामीणों को देखकर स्टेशन मास्टर, आरपीएफ और अन्य स्टाफ उन्हें समझाने में जुट गया। करीब डेढ़ घंटे तक स्टेशन पर विरोध-प्रदर्शन जारी रहा। ट्रेन में सवार यात्री भी थककर नीचे उतर आए। घंटों की मशक्कत के बाद किसी तरह ग्रामीणों को समझा-बुझाकर विरोध शांत कराया गया।
दुधिया खुर्द गांव में अंडरपास में जलभराव की समस्या हो जाती है। इसी के समाधान की मांग को लेकर ग्रामीण ट्रैक पर आ गए थे। उन्हें समझा-बुझाकर शांत करा दिया था। उनकी समस्या के समाधान के लिए अधिकारियों को अवगत कराया गया है। - शहनवाल हुसैन, आरपीएफ इंस्पेक्टर
ये भी पढे़ं- पीलीभीत: धान खरीद से जुड़े राइस मिलर्स परेशान, बोले- बस इस बार हो जाए सीएमआर का उतार, फिर तो कर लेंगे तौबा
