बरेली: गन्ने की पताई में आग लगने से जलकर किसान की मौत, परिवार में पसरा मातम
हाफिजगंज, अमृत विचार। गन्ने की पताई में लगी आग बुझाने के दौरान गश खाकर गिरा युवक गंभीर रूप से झुलस गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घर में चल रहीं बेटे के नामकरण की खुशियां मातम में बदल गईं।
हाफिजगंज के गांव गोशलपुर निवासी गोपाल शरण (36 ) सोमवार शाम चार बजे गन्ने के खेत पर गए। इस दौरान किसी तरह वहां पताई में आग लग गई। आग को बुझाने के दौरान गोपाल शरण गश खाकर गिर गए। इससे वह झुलस गए। चीख पुकार सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों ने आग बुझाई और उनके परिजनों को सूचना दी। उन्हें बरेली शहर स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। मंगलवार को उपचार के दौरान उनकी सांसें थम गईं।
10 दिसंबर को गोपाल की पत्नी ने बेटे का जन्म दिया था, जिसका नामकरण संस्कार 31 दिसंबर को होना था। इसको लेकर घर में खुशी का माहौल था। दावत को लेकर तैयारियां चल रही थीं। हादसे से खुशियां गम में तब्दील हो गईं।
ये भी पढे़ं- बरेली: पिकअप से टकराकर पलटी टूरिस्ट बस, 12 लोग घायल
