22 फरवरी से शुरू हो रही यूपी बोर्ड परीक्षा में शामिल होंगे 57998 परीक्षार्थी
संतकबीरनगर, अमृत विचार। आगामी 22 फरवरी से यूपी बोर्ड हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाओं के शुरु हो रहे महा आयोजन के लिए शिक्षा विभाग ने कमर कस लिया है। परीक्षा के लिए जिले में कुल 107 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा केंद्रों को सीसीटीवी कैमरों, परीक्षार्थियों के बैठने, खिड़की और जंगलों की मरम्मत, शौचालय, पेयजल समेत सारी तैयारियों को परखने के लिए जनपद स्तरीय टीम ने सभी परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर लिया है। 30 दिसम्बर तक आपत्तियां ली जाएंगी और उसके बाद आपत्तियों का शीघ्रता से निस्तारण कराया जाएगा। शिक्षा विभाग के सूत्रों पर भरोसा करें तो 11 जनवरी से प्रैक्टिकल शुरु करा दिये जाएंगे। इसके अलावा प्री बोर्ड की परीक्षाएं आगामी 23 जनवरी तक पूर्ण करा ली जाएंगी।
शुचिता पूर्ण ढंग से परीक्षाएं सम्पन्न कराना पहली प्राथमिकता
यूपी बोर्ड परीक्षाओं की तैयारियों को लेकर बात करने पर जिला विद्यालय निरीक्षक संदीप चौधरी ने बताया कि नकल विहीन परीक्षा होगी यह बात केंद्र ब्यवस्थापकों और परीक्षार्थियों को अच्छी तरह पता है। शुचिता पूर्ण ढंग से परीक्षाएं सम्पन्न कराना मेरी पहली प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि बिना किसी मानसिक दबाव के परीक्षार्थी परीक्षा में प्रतिभाग करें। उन्होंने कहा कि कोई भी ब्यक्ति या संस्था परीक्षा के दौरान नकल कराने का दुस्साहस कदापि न करें। ऐसा करते पाए जाने पर सम्बन्धित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
पीएम के परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम से जुड़कर तनाव दूर करें परीक्षार्थी
जिला विद्यालय निरीक्षक संदीप चौधरी ने कहा कि जब भी किसी परीक्षा में प्रतिभाग करना होता है तो परीक्षार्थी के भीतर भय और तनाव का माहौल देखने को मिलता है। जब कि परीक्षा छात्रों के वर्ष भर की परिश्रम के मूल्यांकन की एक सामान्य प्रक्रिया होती है। उन्होंने बताया कि हर वर्ष परीक्षा से पूर्व देश के प्रधानमंत्री द्वारा परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम किया जाता है। देश भर के छात्र इस आयोजन से जुड़कर अपने तनाव दूर करते हैं। उन्होंने सभी परीक्षार्थियों का आह्वान किया कि वे परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम से जरूर जुड़ें और प्रधानमंत्री द्वारा बताए गए टिप्स के मुताबिक खुद को तनाव मुक्त बनाकर परीक्षा में प्रतिभाग करें। अभिभावकों का आह्वान करते हुए उन्होंने कहा कि वे बच्चों को तनाव न दें बल्कि उनके लिए बेहतरीन माहौल तैयार करें। जिससे परीक्षार्थी भयमुक्त और तनाव मुक्त होकर परीक्षा में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए सफलता का कीर्तिमान स्थापित कर सके।
ये भी पढ़ें -उपलब्धि : ओबरा-सी पावर प्लांट की पहली यूनिट से उत्पादन शुरू, ऊर्जा मंत्री ने CM योगी का जताया आभार
