मुरादाबाद: मोहम्मद शमी को मंडलायुक्त ने किया सम्मानित, कहा- विश्वकप सहित कई अन्तर्राष्ट्रीय मैचों में की बेहतरीन गेंदबाजी
मुरादाबाद, अमृत विचार। मंडलायुक्त आन्जनेय कुमार सिंह ने बुधवार को अपने कार्यालय सभागार में अन्तर्राष्ट्रीय क्रिकेटर व अमरोहा के लाल मोहम्मद शमी को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि विश्वकप सहित कई अन्तर्राष्ट्रीय मैचों में मोहम्मद शमी ने अपनी बेहतरीन गेंदबाजी और प्रदर्शन से देश का नाम विदेशों में भी गौरवान्वित किया है।
इससे मुरादाबाद मंडल अमरोहा के लोगों का गौरव बढ़ता है। इससे नवोदित खिलाड़ियों को भी प्रेरणा लेकर अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए मेहनत करनी होगी। सरकार खेलों और खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए तत्पर है।
मंडलायुक्त कार्यालय में आयोजित सम्मान समारोह में डीआईजी मुनिराज जी, जिलाधिकारी मानवेन्द्र सिंह, अमरोहा के जिलाधिकारी राजेश कुमार त्यागी, मुरादाबाद विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष शैलेष कुमार सहित अन्य अधिकारी और क्रिकेट एसोसिएशन से जुड़े पदाधिकारी शामिल रहे।
ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद: हिचकोले खाते नैनीताल और जिम कॉर्बेट मुश्किल से पहुंच रहे पर्यटक
