संभल: खाद लूट में शामिल तीन लोग गिरफ्तार,113 बोरे खाद व 3 लाख नकदी बरामद
16 दिसंबर को चंदौसी में खाद व्यापारी के निजी गोदाम से लूटे थे खाद के कट्टे, रामपुर के गिरोह ने दिया था वारदात को अंजाम, वारदात में शामिल कैंटर भी बरामद
बहजोई(संभल), अमृत विचार। जनपद के चंदौसी में व्यापारी के निजी गोदाम से 524 खाद के कट्टे लूटे जाने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने लूट में शामिल तीन लोगों को गिरफ्तार कर उनके पास से 113 खाद के बोरे,तीन लाख की नकदी व एक कैंटर बरामद की है।
पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि 16 दिसंबर को व्यापारी विनय कुमार जैन के गांव असालतपुर जारई कोकावास रोड स्थित फर्टिलाइजर के गोदाम से बदमाश 524 खाद के कट्टे एक कैंटर में भरकर फरार हो गये थे। घटना के खुलासे के लिए सर्विलांस टीम व कोतवाली चंदौसी पुलिस को लगाया गया था। पुख्ता सूचना के बाद पुलिस ने चेकिंग के दौरान बर्रई के जंगल से लूट में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पकड़े गये बदमाशों के नाम मोहम्मद राइफ पुत्र फकरुल्लाह निवासी गांव रनुआ नगला थाना टांडा जनपद रामपुर, अल्तमश पुत्र आबिद अली निवासी गांव नागलिया कासगंज थाना टांडा जनपद रामपुर, नासिर पुत्र हमीदी निवासी गांव रानुआ नगला थाना टांडा जनपद रामपुर बताया। उनके दो साथी मौके से फरार होने में सफल हो गए। पुलिस ने पकड़े गये बदमाशों की निशानदेही पर जंगल से एक कैंटर यूपी 22 बीटी 1185 बरामद किया। कैंटर में लूटे खाद के बोरों में से 113 बोरे बरामद हुए। वहीं तीन लाख की नकदी व अन्य सामान भी मिला।
यह सामान किया गया बरामद
बहजोई। एसपी कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि कोतवाली चंदौसी पुलिस ने गिरफ्तार किए गए आरोपियों के पास से एक कैंटर जिसमें 113 खाद के बोरे भरे हुए बरामद किए। वहीं उनके पास से खाद के बोरे बेचकर एकत्रित की गई तीन लाख की नकदी, तीन स्प्रे मशीन, एक तमंचा, तीन कारतूस व एक चाकू बरामद किया है। एसपी ने बताया कि जो आरोपी अभी फरार हैं वह इसके मास्टरमाइंड है। उन्हें शीघ्र ही गिरफ्तार कर अन्य बरामदगी की भी की जाएगी।
पहले भी खाद लूट की वारदातें स्वीकारी गिरोह ने
बहजोई। एसपी ने बताया कि पूछताछ के दौरान गिरफ्तार किए गए आरोपियों ने बताया है कि वह अक्सर खाद के ऐसे गोदाम को निशाना बनाते हैं जो जंगल में होते हैं। पहले जो उनके साथी फरार हैं उन्होंने चंदौसी में खाद के गोदाम की तीन दिन रेकी की थी। इसके बाद इस पूरी योजना को बनाया था। वह मुरादाबाद से आधा दर्जन से अधिक मजदूरों को कैंटर में खाद के कट्टे भरवाने को लाए थे। गिरफ्तार आरोपियों पर पहले भी खाद को लूटने के मुकदमे जनपद के कई थानों में दर्ज हैं।
ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद : गैस सिलेंडर भरे ट्रक ने महिला को रौंदा, मौत
