बरेली: सिंचाई के दौरान इंजन में डीजल डालते समय मारी गोली, रिपोर्ट दर्ज
बरेली/बहेड़ी, अमृत विचार। खेत में सिंचाई के दौरान इंजन में तेज डालते समय एक किसान को गोली मार दी गई। घायल किसान की शिकायत पर थाना बहेड़ी पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। घायल किसान ने आरोपी की जमीन खरीदी थी, जिससे वह नाराज था।
पीलीभीत के जहानाबाद क्षेत्र के गांव मुड़सेना मदारी निवासी राशिद ने बताया कि उन्होंने बहेड़ी के खजुरिया गांव में करीब 90 बीघा जमीन खरीदी है। इसमें से 26 बीघा खजुरिया निवासी मुकेश और कुछ जमीन उसके रिश्तेदारों से खरीदी है। इस जमीन पर वह खेती करते हैं। 26 दिसंबर को वह गांव दुलरिया अता निवासी असद बाबू के साथ खेत पर सिंचाई करने गए थे। वह इंजन में डीजल डाल रहे थे। इसी दौरान मुकेश आ गया और कहने लगा कि तुमने मेरी सब जमीन खरीद ली है।
उन्होंने उसकी बातों पर ध्यान नहीं दिया और अपना काम करते रहे। इसी दौरान मुकेश ने तमंचे फायर कर दिया। जिसके छर्रे उसके हाथ, पैर और पीठ पर लगे हैं। गोली लगने के बाद वह और असद जान बचाकर भागे तो आरोपी ने पीछे से दो तीन फायर और किए। किसी तरह दोनों बचकर थाना बहेड़ी पहुंचे और पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने आरोपी के घर पर दबिश दी, लेकिन वह भाग गया। शिकायत पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
ये भी पढे़ं- बरेली: ओटीएस में सिर्फ चार दिन बचे, नए साल से काटा जाएगा कनेक्शन
