बाराबंकी की बेटियों का कमाल!, 90 लाख रुपए जुटा कर खड़ी कर दी फैक्ट्री
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के सहयोग से छह फैक्ट्रियों में शुरू हुआ उत्पादन
आरपी सिंह, सूरतगंज, बाराबंकी। कम नहीं ये किसी से साबित कर दिखलाएंगी ,खोल दो सारे बंधन इनके हर मंजिल पा जाएंगी.. यह लाइनें सूरतगंज के राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) की उन महिलाओं पर सटीक बैठती हैं। जिन्होंने 90 लाख रूपये जुटा कर पुष्टाहार की एक फैक्ट्री खड़ी कर दी। अब इस फैक्ट्री में महिलाएं पुष्टाहार की मैन्युफैक्चरिंग कर आंगनबाड़ी केन्द्रों पर सप्लाई कर रही हैं। उम्मीद है कि बहुत जल्द फतेहपुर ब्लाक के आंगनबाड़ी केन्द्रों पर भी पुष्टाहार की सप्लाई शुरू हो जाएगी।

यह पुष्टाहार फैक्ट्री सूरतगंज ब्लाक के ग्राम कुतलुपुर में लगाई गई है। इस फैक्ट्री में सूरतगंज के 210 व फतेहपुर ब्लाक के 90 स्वयं सहायता समूहों की तीन हजार महिलाओं ने 90 लाख रूपये जुटा कर लगाए हैं। फैक्ट्री के लिए प्रति समूह ने 30-30 हजार रूपये का सहयोग किया है। फैक्ट्री में उपकरण के अलावा बिजली कनेक्शन,जनरेटर के साथ ही अंय इंतजाम भी हैं।
फैक्ट्री में दो शिफ्टों को मिला कर 24 घंटे में 6 हजार पैकेट पुष्टाहार तैयार किया जा रहा है। 12 घंटे की एक शिफ्ट में 10 महिलाएं काम करती हैं। फैक्ट्री में चयन के बाद ही महिलाओं को काम करने के लिए लगाया गया है। इसके लिए महिलाओं को बाकायदा ट्रेनिंग दी गई है। फैक्ट्री में पुष्टाहार तैयार कर सप्लाई करने वाली महिलाओं को आठ हजार रूपये प्रति माह मानदेय दिया जाएगा।
451 आंगनबाडी केन्द्रों पर पहुंचेगा पुष्टाहार
दो ब्लाकों के 300 स्वयं सहायता समूहों की मदद से शुरू हुई पुष्टाहार फैक्ट्री को अभी सूरतगंज ब्लाक के 193 आंगनबाडी केन्द्रों पर पुष्टाहार सप्लाई का ऑर्डर मिला है। सूरतगंज के ब्लाक मिशन मैनेजर रमाकांत दीक्षित के अनुसार, 19 नवंबर को फैक्ट्री में मैन्युफैक्चरिंग शुरू हुई थी। ऑर्डर के बाद से 83 आगनबाड़ी केन्द्रों पर पुष्टाहार की सप्लाई की जा चुकी है। अंय केन्द्रों पर भी एक सप्ताह के भीतर पुष्टाहार की खेप पहुंच जाएगी। उम्मीद है कि अगले महीने तक फतेहपुर ब्लाक के 258 सभी आगनबाड़ी केन्द्रों पर पुष्टाहार सप्लाई का आर्डर मिलेगा।
हर तीसरे महीने लैब में होगी पुष्टाहार की जांच
फैक्ट्री में बने पुष्टाहार की गुणवत्ता जांचने के लिए हर तीन महीने पर पुष्टाहार के सभी प्रोडेक्ट गुड़गांव के रिसर्च सेंटर भेजे जाएंगे। फिलहाल शुरूआती दौर की एक जांच रिपोर्ट आने के बाद फैक्ट्री में बने पुष्टाहार की सप्लाई शुरू हो गई है। एक प्रोडेक्ट की जांच में 2266 रूपये खर्च आता है। फैक्ट्री में पुष्टाहार के कुल 6 प्रोडेक्ट तैयार किए जा रहे हैं।
आठ ब्लाकों में लगी पुष्टाहार फैक्ट्री
सूरतगंज के अलावा बनीकोडर,मसौली,निंदूरा,पूरेडलाई,सिधौर,हैदरगण व सिरौलीगौसपुर ब्लाकों में भी पुष्टाहार की फैक्ट्रियों में मैन्युफैक्चरिंग शुरू हो गई है। हर फैक्ट्री से दो-दो ब्लाकों के आगनबाड़ी केन्द्रों को पुष्टाहार की आपूर्ति की जाएगी।
फैक्ट्री में तैयार हो रहा यह पुष्टाहार
गर्भवती महिलाओं के लिए
दलिया मूंग दाल खिचड़ी
6 माह से 6 वर्ष की आयु के गंभीर रूप से कुपोषित बच्चों के लिए
ऊर्जा युक्त हलवा प्रीमिक्स
3 से 6 वर्ष के बच्चों के लिए
आटा बेसन बर्फी
छह महीने से तीन वर्ष के बच्चों के लिए
आटा बेसन हलवा
3-6 वर्ष के बच्चों के लिए
दलिया मूंग दाल खिचड़ी
गर्भवती धात्री महिलाओं के लिए
आटा बेसन बर्फी
शासन की मंशा के अनुसार आठ ब्लाकों में पुष्टाहार फैक्ट्री से आगनबाड़ी केन्द्रों पर पुष्टाहार की सप्लाई शुरू हो गई है। धनार्जन करने वाले सभी समूहों को बराबर मुनाफा मिलेगा।
बीके मोहन डीसी एनआरएलएम
यह भी पढ़ें: योगी सरकार की पहल से लाखों लोगों के NCR में अपने घर की जगी उम्मीद, एक दशक के बाद सपना होगा साकार
