पीलीभीत: दुष्कर्म के बाद बीमार रहने लगी छात्रा, 7 दिन बाद परिजन को हुई घटना की जानकारी तो उड़े होश..जानिए पूरा मामला
पीलीभीत, अमृत विचार: स्कूल से घर जा रही कक्षा नौ की छात्रा को गांव के ही दो युवक जबरन गन्ने के खेत में ले गए। वहां एक आरोपी ने छात्रा से दुष्कर्म किया। आरोपियों की धमकी से घबराकर पीड़िता ने परिजन को कुछ नहीं बताया। बताते हैं कि वह बीमार रहने लगी। परिजन ने सख्ती से पूछा तो सात दिन बाद घटना का पता चल सका। पिता से मिली तहरीर पर पुलिस कार्रवाई में जुट गई है।
बरखेड़ा थाने में दी गई तहरीर में एक ग्रामीण ने बताया कि उनकी पुत्री कक्षा नौ की छात्रा है। रोज की तरह 21 दिसंबर को दोपहर तीन बजे स्कूल से घर आ रही थी। रास्ते में रेलवे क्रासिंग के पास वाली नहर के पास पहुंचते ही आरोपी बाइक से आ गए। बेटी को पकड़कर कुछ दूर गन्ने के खेत में ले गए। आरोप है कि वहां पर एक युवक ने पुत्री से दुष्कर्म किया। इसके बाद डरा धमकाकर उसे छोड़ दिया।
बेटी घर आई और घटना के बाद से बीमार रहने लगी। आरोपियों से मिली धमकी से घबराकर परिवार वालों को कुछ नहीं बताया। 28 दिसंबर को जब कई बार पूछा तो बेटी ने रोते हुए अपने साथ हुई घटना बताई। जिसके बाद परिजन थाने पहुंचे और शिकायत की। इंस्पेक्टर बरखेड़ा मृदुल कांत शुक्ला ने बताया कि मामले में कार्रवाई की जा रही है।
ये भी पढ़ें - पीलीभीत: बच्चों को खाना खिलाकर सुलाया और फंदा लगाकर महिला ने दे दी जान, बाग में मिला शव, मचा कोहराम
