पीलीभीत: दावों पर खरी नहीं उतर पा रही बिजली सप्लाई, कटौती ने किया बेहाल, पानी को लेकर भी शहरवासी परेशान..
पीलीभीत, अमृत विचार। केबल बॉक्स डैमेज होने के बाद आधे शहर की बिजली सप्लाई बाधित हो गई। करीब छह घंटे तक उपभोक्ता बिना बिजली के परेशान हो गए। सुबह से हुई कटौती ने रोजमर्रा के कामकाज पर भी असर डाला। पावर कॉरपोरेशन की टीम ने इसका सुधार कर दोपहर में सप्लाई चालू कर दी।मगर उसके बाद भी कुछ इलाकों में बिजली की आंख मिचौली बरकरार रही।
शहर की बिजली व्यवस्था के सुधार के लिए लंबे समय से मांग चल रही है। आश्वासन भी लगातार मिल रहे हैं लेकिन न तो सप्लाई ढर्रे पर आ सकी है, ना ही जर्जर तारों का सुधार हो सका है। जर्जर संसाधनों की वजह से आए दिन घंटों सप्लाई बाधित रहती है।
गुरुवार सुबह 33 केवी रामलीला का केबल बॉक्स डैमेज हो गया। इसके बाद कई इलाकों की बिजली आठ बजे के आसपास गुल हो गई। उसका सुधार कराने के लिए पावर कॉरपोरेशन के लिए कर्मचारी जुट गए। मगर कार्य में काफी समय बीत गया। जिसके चलते उपभोक्ताओं को करीब छह घंटे तक बिजली कटौती की मार झेलनी पड़ी। सुबह के वक्त हुई कटौती से घरेलू और व्यावसायिक जीवन पर असर पड़ा।
अधिकांश घरों में पानी की सप्लाई के लिए लोग विद्युत संचालित मोटरों पर आधारित हैं। ऐसे में बिजली ना होने से लोगों को पानी की दिक्कत का भी सामना करना पड़ा। दोपहर करीब दो बजे सुधार कार्य पूरा होने के बाद सप्लाई चालू करा दी गई। इसके बाद भी आसफजान समेत कई इलाकों में बिजली की ट्रिपिंग और लो वोल्टेज की समस्या बनी रही।
इन इलाकों में उपभोक्ता रहे बेहाल
लाल रोड, बल्लभनगर कॉलोनी, जोशीटोला, आसफजान, मोहतसिम खां, डोरीलाल, चावला चौराहा, केसरी सिंह, मुख्य बाजार, बशीर खां, रंगीलाल चौराहा, नई बस्ती आदि।
ये भी पढे़ं- पीलीभीत: दुष्कर्म के बाद बीमार रहने लगी छात्रा, 07 दिन बाद परिजन को हुई घटना की जानकारी तो उड़े होश..जानिए पूरा मामला
