केशव का स्वच्छता अभियान सुखद संदेश : नृत्य गोपाल दास
उपमुख्यमंत्री ने मणिराम दास छावनी के महंत से की मुलाकात
अयोध्या, अमृत विचार। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने गुरुवार को श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष व मणिराम दास छावनी के महंत नृत्य गोपाल दास से मुलाकात कर उनका हाल जाना। केशव मौर्य ने कहा कि संतों का हृदय कोमल और लोक कल्याणकारी होता है। महाराज के दर्शन का सौभाग्य प्राप्त हुआ, जिनके द्वारा समाज के प्रति किए जा रहे सामाजिक, धार्मिक कार्यों से हम सभी प्रेरणा ले रहे हैं।
उप मुख्यमंत्री ने कहा अयोध्या धाम में वास करना ही पुण्यकारी है। संतों के आशीर्वाद से जीवन सुखद बन जाता है। अयोध्या धाम में लगातार चार दिन से प्रवास हो रहा है। यह सौभाग्य है कि प्रभु श्रीराम ने जहां क्रीडा की, पले-बढ़े और रामराज्य की स्थापना की। वहां 500 वर्षों के पश्चात रामलला के जन्मभूमि मंदिर की उन गलियों और मोहल्ले में स्वच्छता अभियान चलाने का अवसर मिला है। महंत नृत्य गोपाल दास ने कहा कि उपमुख्यमंत्री का समर्पण समाज और संतों के प्रति रहा है। लगातार समाचारों से यह ज्ञात हो रहा है कि कई दिन से अयोध्या की गलियों में स्वच्छता अभियान चलाया जा है, जिसमें स्थानीय जन भी सक्रिय हो रहे हैं। यह सुखद संदेश है। शरद शर्मा, संत जानकी दास, कृपालु राम दास महाराज, मदन मोहन दास आदि उपस्थित रहे।
ये भी पढ़ें -रायबरेली में अब AIIMS तक होगा नगर पालिका का दायरा, एक लाख आबादी को मिलेंगी शहरी सुविधाएं
