प्रयागराज में 6 साल के मासूम की सिर कूचकर हत्या, हड़कंप
नैनी/ प्रयागराज, अमृत विचार। औद्योगिक क्षेत्र थानांतर्गत हल्दी कला गांव में गुरुवार सुबह एक मासूम की उसके घर के पीछे जर्जर भवन में सिर कूंची हुई लाश मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना पर पुलिस मौके पहुंची और जांच पड़ताल की। डीसीपी यमुना नगर और एसीपी करछना के अलावा फोरेंसिक टीम खोजी कुत्ते के साथ पहुंची और घटना से संबंधित साक्ष्य जुटाए।
हल्दी कला गांव निवासी कामरान का छह वर्ष पुत्र तमीम उर्फ बाबू बुधवार शाम घर के पास खेल रहा था। उसकी दौरान अचानक वह लापता हो गया था। परिजन उसकी शाम से लेकर पूरी रात करते रहे। हर संभावित स्थानों पर उसे खोजा गया। यहां तक कि नैनी एवं छिवकी स्टेशन पर भी परिजनों ने खोजबीन की लेकिन कुछ पता नहीं चला। गुरुवार सुबह करीब सात बजे घर के पीछे पुराने जर्जर भवन में उसकी लाश मिली तो परिजन फूट फूटकर रोने लगे। मां नौसीमा भी दहाड़े मारकर रोने लगी। सूचना पाकर औद्योगिक क्षेत्र पुलिस मौके पर पहुंचकर छानबीन शुई की। बताया जाता है कि बालक का सिर कूंचा गया था। बाद में घटना स्थल पर डीसीपी अभिनव त्यागी, एसीपी करछना अजीत सिंह चौहान के अलावा फोरेंसिक टीम खोजी कुत्ते के साथ मौके पर पहुंची और जांच की।
अधिकारियों ने भी परिजनों के अलावा अन्य लोगों से बातचीत कर जानकारी ली। बाद में मौके की औपचारिकताएं पूरी कर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस संबंध में पुलिस ने बताया कि बालक के सिर में चोट है। पोस्टमार्टम के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। हालांकि पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है। सूत्रों के मुताबिक दो लोगों को उठाया गया है। उनसे पूछताछ की जा रही है।
हत्या के पीछे हो सकते हैं आसपास के लोग
हल्दी कला गांव में बालक की हत्या से लोग स्तब्ध हैं। हर कोई यही कह रहा था कि इतना छोटा और मासूम बालक की किसी से क्या दुश्मनी हो सकती है। उसने किसी का क्या बिगाड़ा था जो उसकी हत्या कर दी गई। हत्या के पीछे आसपास का ही माना जा रहा है। हत्या की वजह कही यह तो नही कि उसने कुछ ऐसा देख लिया जो किसी के लिए मुसीबत बन सकता हो। डीसीपी करछना अभिनव त्यागी ने बताया कि घटना का जल्द खुलासा हो जाएगा।
ये भी पढ़ें -वैध दस्तावेजों की फोटोकॉपी होने पर वाहन जब्तीकरण माना जाएगा अवैध : हाईकोर्ट
