बरेली: चौदह लाख के गबन में फंसे प्रधान, वित्तीय अधिकार सीज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। जिले के रामनगर ब्लाॅक की रामनगर ग्राम पंचायत के प्रधान वित्तीय अनियमितता के मामले में फंस गए हैं। प्रधान पर विकास कार्यों के नाम पर 14 लाख से अधिक के सरकारी धन के गबन का आरोप लगा है। जांच में आरोप सही मिलने पर प्रधान के वित्तीय अधिकारों को सीज करते हुए मामले में दो ग्राम विकास अधिकारियों के खिलाफ जांच बैठा दी गई है।

रामनगर के प्रधान अजयपाल सिंह के खिलाफ सरकारी धन के गबन का आरोप शारदा, लक्ष्मी, शकुंतला, इतवारी, इज्जत अली, ओमवती, मुकेश, श्रीदेवी आदि पंचायत सदस्यों ने लगाए थे। सदस्यों ने शपथपत्र के साथ मामले में डीएम से शिकायत की थी। मामला संज्ञान में आने के बाद डीएम ने जांच के आदेश दिए थे। 

डीपीआरओ धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि सदस्यों की शिकायतों पर मामले में अलग-अलग अधिकारियों ने जांच की, जिसमें लगे आरोप सही पाए गए। जांच में ग्राम प्रधान अजय पाल सिंह और दो तत्कालीन ग्राम विकास अधिकारियों पर 14 लाख 19 हजार 885 रुपये का गबन पाया गया। जांच कमेटी को अभिलेख भी नहीं उपलब्ध कराए गए। बताया कि मामले में ग्राम प्रधान के वित्तीय अधिकारों को सीज कर दिया गया है। दो तत्कालीन ग्राम विकास अधिकारियों के खिलाफ जांच शुरू की गई है।

ये भी पढे़ं- बरेली: प्रसव के तुरंत बाद हेपेटाइटिस बी से बचाने के लिए नवजात को लगेगा टीका

 

संबंधित समाचार