रामपुर : बढ़ता जा रहा सर्दी का सितम, कांप रहे लोग
सड़क के किनारों पर अलाव जलाकर लोगों ने सर्दी से पाई निजात, बढ़ा कोहरा, सात डिग्री तक पहुंचा न्यूनतम तापमान
रामपुर, अमृत विचार। सर्दी का सितम बढ़ता जा रहा है जिसके कारण लोग पूरे दिन थर-थर कांपते रहे। लोगों ने सड़क के किनारों पर अलाव जलाकर सर्दी से निजात पाई। सुबह से कोहरा छाया रहा और न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। मौसम वैज्ञानिक अभी और सर्दी बढ़ने का अनुमान जता रहे हैं।
पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी ने मैदानी इलाकों में गलन बढ़ा दी है। सर्दी के कारण शाम ढले लोगों की बाजारों में भी आवाजाही कम रही। दिसंबर 2023 का काउंट-डाउन शुरू होने के साथ ही मौसम तेजी से बदलने लगा है। मौसम वैज्ञानिकों ने अगले तीन दिन में सर्दी और बढ़ने का अनुमान जताया है। कोहरा होने के कारण हाईवे पर वाहन धीमी रफ्तार से चले। शाम ढले लोगों ने घरों की राह पकड़ी जिससे बाजारों में सन्नाटा पसर गया। ज्यादा दिक्कत उन हजारों किसानों को उठानी पड़ी जो तड़के में कोहरे में गन्ना कटाई करने खेतों पर पहुंचे।
पिछले तीन दिन से कड़ाके की ठंड है,और पारे में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। शाम ढले कोहरा छाने व सर्द हवा चलने से ठंड बढ़ गई और लोग अपने-अपने घर में दुबक गए।
हाल-ए-मौसम
- अधिकतम तापमान- 16 डिग्री सेल्सियस
- न्यूनतम तापमान- 7 डिग्री सेल्सियस
- आद्रता- 79 प्रतिशत
- वायु वेग- 8 किमी. प्रतिघंटा
अगले तीन दिन सर्दी और बढ़ने की संभावना है। आमतौर पर मौसम साफ रहेगा अलबत्ता, सुबह के समय कोहरा रहेगा। अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान में गिरावट आएगी। हवा पांच से 14 प्रति घंटे की गति से चलने का अनुमान है।-डा. उदय प्रताप शाही, मौसम वैज्ञानिक कृषि विश्वविद्यालय मेरठ
ये भी पढ़ें : रामपुर: शादी का झांसा देकर युवती के अश्लील फोटो खींचे, ब्लैकमेल कर मांगे दो लाख रुपये
