रायबरेली में गोवंशों की दयनीय दशा से आक्रोशित सभासदों ने दिया धरना
परशदेपुर/ रायबरेली, अमृत विचार। कस्बे की गौशाला जाने पर गोवंशों की दयनीय हालत देखकर आक्रोशित सभासदों ने नगर पंचायत के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। जिलाधिकारी को बुलाने की मांग को लेकर सभासद धरने पर बैठ गए। मौके पर पहुंचे उपजिलाधिकारी सलोन ने सभासदों को समझा बुझाकर शांत कराया और गौशाला की व्यवस्था सुधारने के लिए अधिशासी अधिकारी को निर्देशित किया।
नगर के सभासद संदीप मोदनवाल, जगदीश प्रसाद कमल, मो. मुर्तजा, सभासद प्रतिनिधि मोहम्मद हाशिम, सुरेंद्र चौरसिया, आशू जायसवाल, अशोक कुमार शुक्रवार सुबह गौशाला पहुंचे। वहां पर चार गोवंश मृत पड़े थे करीब आठ गोवंश मरणासन्न की हालत में थे। इससे आक्रोशित सभासदों ने फोन से अधिकारियों को सूचना दी और जिलाधिकारी को बुलाने की मांग करते हुए वहीं पर धरने पर बैठ गए। सूचना पाकर नायब तहसीलदार शंभूशरण पांडेय मौके पर पहुंचे और गौशाला की हालत देखकर कर्मचारियों को फटकार लगाई। ईओ निमिषा भारद्वाज ने भी मौके पर पहुंचकर सभासदों को मनाने की कोशिश की लेकिन सभासद अपनी मांग पर अड़े रहे।
जिलाधिकारी के निर्देश पर मुख्य चिकित्साधिकारी अनिल कुमार भी गौशाला पहुंचे और मृत गोवंशो का पोस्टमार्टम कराने हेतु निर्देशित किया। उन्होंने मरणासन्न गोवंशो का तत्काल इलाज कराने हेतु पशु चिकित्साधिकारी यशवंत सिंह को निर्देशित किया। उसके बाद उपजिलाधिकारी सलोन आशुतोष राय भी गौशाला पहुंचे और गौशाला की व्यवस्था सुधारने के लिए अधिशासी अधिकारी को निर्देशित किया और सभासदों को समझा बुझाकर धरना समाप्त कराया।
क्या बोले सभासद
गोवंशो की देखरेख के लिए सरकार द्वारा गौशाला में पर्याप्त व्यवस्था की गई है लेकिन कर्मचारियों की लापरवाही से गोवंशो की मौत हो रही है।-संदीप मोदनवाल, सभासद
वर्जन-
अत्यधिक ठंड की वजह से चार गोवंशो की मृत्यु हुई है। गौशाला को और भी ज्यादा व्यवस्थित कराया जायेगा।
निमिषा भारद्वाज, अधिशासी अधिकारी
ये भी पढ़ें -अमृत विचार पड़ताल : शिक्षकों को लग रही सर्दी, छात्राएं लगा रहीं थी झाड़ू
