प्रधानमंत्री मोदी ने जालना-मुंबई वंदे भारत ट्रेन सेवा को दिखाई हरी झंडी 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुंबई/जालना। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार को यानी आज वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से जालना-मुंबई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर इस नयी रेल सेवा की शुरुआत की। प्रधानमंत्री उत्तर प्रदेश में पुनर्विकसित अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन पर एक समारोह को संबोधित करते हुए आठ कोच वाली वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाई। 

प्रधानमंत्री ने इन दोनों ट्रेनों के साथ वीडियो लिंक के माध्यम से मालदा टाउन-सर एम. विश्वेश्वरैया टर्मिनस (बेंगलुरु) अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन तथा पांच अन्य नई वंदे भारत एक्‍सप्रेस ट्रेनों - श्री माता वैष्णो देवी कटरा-नई दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस, अमृतसर -दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस, कोयंबटूर -बेंगलुरु छावनी वंदे भारत एक्सप्रेस, मैंगलोर-मडगांव वंदे भारत एक्सप्रेस, जालना-मुंबई वंदे भारत एक्सप्रेस और अयोध्या-आनंद विहार टर्मिनल वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखा कर शुभारंभ किया।

अमृत ​​भारत एक्सप्रेस ट्रेन 22 गैर वातानुकूलित डिब्बों (10 सामान्य अनारक्षित तथा 12 स्लीपर श्रेणी कोचों वाला एक एलएचबी पुश पुल ट्रेन सेट है। बेहतर त्वरण के लिए इस ट्रेन के दोनों छोर पर 6000 अश्वशक्ति वाले दो लोको हैं। यह रेल यात्रियों के लिए सुंदर और आकर्षक डिजाइन वाली सीटें, बेहतर सामान रैक, उपयुक्त मोबाइल होल्डर के साथ मोबाइल चार्जिंग प्वाइंट, एलईडी लाइट, सीसीटीवी, सार्वजनिक सूचना प्रणाली जैसी बेहतर सुविधाएं प्रदान करता है। इसमें सेमी परमानेंट कपलर लगाए गए हैं जिससे गाड़ी के चलते या रुकते हुए झटके लगने की समस्या खत्म हो गई है। शौचालय आधुनिक डिजाइन पर आधारित है और इसमें वाशबेसिन के नल का बटन पैर से दबाने वाला है।

प्रधानमंत्री ने उत्तर प्रदेश में रेल बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए 2300 करोड़ रुपये की तीन रेलवे परियोजनाएं भी राष्ट्र को समर्पित कीं। इन परियोजनाओं में रूमा चकेरी -चंदेरी तीसरी लाइन परियोजना, जौनपुर -अयोध्या-बाराबंकी दोहरीकरण परियोजना के जौनपुर -तुलसी नगर, अकबरपुर-अयोध्या, सोहावल -पटरंगा और सफदरगंज-रसौली खंड और मल्हौर-डालीगंज रेलवे खंड का दोहरीकरण और विद्युतीकरण परियोजना शामिल हैं। इस तरह श्री मोदी के हाथों अयोध्या को रेलवे की अनेक महत्वपूर्ण सौगातें मिलीं।

 ये भी पढ़ें- PM मोदी के आगमन पर दुल्हन की तरह सजी अयोध्या, 500 क्विंटल फूलों से गुलजार हुई धर्मनगरी

संबंधित समाचार