बहराइच में मिट्टी की दीवार गिरने का मामला: जिला अस्पताल में एक और बच्चे की हुई मौत, दूसरा लखनऊ रेफर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बाबागंज, बहराइच, अमृत विचार। सलारपुर गांव में बृहस्पतिवार दोपहर ढाई बजे मिट्टी की दीवार गिरने से सगे भाई समेत तीन लोगों की मौत हो गई थी। हादसे में दो बच्चे घायल हुए थे। एक घायल बच्चे की शुक्रवार को सुबह चार बजे इलाज के दौरान मौत हो गई। जबकि दूसरे घायल को लखनऊ रेफर कर दिया गया है।

रुपईडीहा थाना क्षेत्र के सलारपुर गांव निवासी वारिस अली के यहां बुधवार को गगनचक गांव निवासी उनकी बेटी जरीना अपने बेटे नसरुद्दीन और इमामुद्दीन को लेकर पहुंची थी। गुरुवार को दोपहर 2:30 बजे वारिस अली का पोता मुख्तार अली (14) पुत्र शमशाद अली, अफ्तार अली (7), मेराजुद्दीन (6) और नाती नसरुद्दीन (10) व शमसुद्दीन (3) एक साथ खेल रहे थे।

तभी पुरानी मिट्टी का दीवार अचानक भर भराकर गिर गया। जिसके मलबे के नीचे सभी पांच बच्चे दब गए। दम घुटने और चोट लगने से मौके पर ही मुख्तार अली, नसरुद्दीन और अफ्तार अली की मौत हो गई। जबकि शमसुद्दीन और इमामुरुद्दीन घायल हो गए। दोनों को बाबागंज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

जिला अस्पताल में शुक्रवार सुबह चार बजे सलारपुर गांव शमसुद्दीन की मौत हो गई। जबकि गगन चक गांव निवासी इमामुद्दीन की हालत गंभीर होने पर लखनऊ रेफर कर दिया गया। ऐसे में मृतकों की संख्या चार हो गई। इनमें तीन सगे भाई हैं। तीनों का एकसाथ गांव के कब्रिस्तान में अंतिम संस्कार किया गया। जबकि गगनचक गांव निवासी मृतक बालक के शव को लेकर परिवार के लोग अपने गांव चले गए।

दूसरे दिन भी गांव में रहा सन्नाटा

सलारपुर गांव में मिट्टी की दीवार गिरने से अब तक चार लोगों की मौत हो चुकी है। चार मौत से पूरे गांव में मातम छाया हुआ है शुक्रवार को दूसरे दिन भी कई घरों में चूल्हे नहीं जले। गांव में पूरी तरह सन्नाटा छाया रहा।

यह भी पढ़ें: अयोध्या पहुंचे पीएम मोदी, राज्यपाल आनंदी बेन पटेल और सीएम योगी ने महार्षि वाल्मीकि एयरपोर्ट पर किया उनका स्वागत

संबंधित समाचार