पीलीभीत: सपा को कभी वोट न करने वाले परिवारों को तलाशेंगे सपाई, 2024 के लिए अखिलेश ने कर ली तैयारी...

Amrit Vichar Network
Published By Vikas Babu
On

फाइल फोटो

पीलीभीत, अमृत विचार: लगातार दो विधानसभा चुनाव में जिले की  चारों सीटों पर हार का मुंह देख चुकी समाजवादी पार्टी अब आगामी लोकसभा चुनाव में खुद को तैयार करने में जुट गई है। देर से ही सही लेकिन अब कमजोर बूथ को मजबूत बनाने के पैटर्न पर काम होगा। कमजोर बूथों और कभी सपा को वोट न करने वाले परिवार चिन्हित किए जाएंगे। फिर संपर्क साधकर पार्टियों की नीतियों से अवगत कराकर सपा के नये वोटर के तौर पर जोड़ने की  कवायद होगी। हालांकि इस प्रसास में सपाई कितने कामयाब होंगे, ये तो मतदान के नतीजे आने पर साबित हो सकेगा।

शहर के  एक होटल में शनिवार दोपहर को समाजवादी पार्टी की ओर से एक प्रेसवार्ता आयोजित की गई। जिसमें सह-लोकसभा प्रभारी यूसुफ कादरी, पूर्व विधायक अरशद खां, पूर्व प्रदेश सचिव सतनाम सिंह सत्ता, प्रदेश सचिव कुलवंत सिंह, फारुख कादरी, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य श्यामा चरण गंगवार, जिला उपाध्यक्ष बालकराम सागर, कांशराम सरोज आदि शामिल हुए। बताया कि लोकसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर अब राष्ट्रीय स्तर से राज्य कार्यकारिणी के पदाधिकारी/सदस्यों को जिम्मेदारी दी गई है। 

इसके तहत वह प्रत्येक विधानसभा में 100 ऐसे बूथ चिन्हित करेंगे, जहां पर सपा को 50 फीसदी से कम वोट मिलता आया है। प्रत्येक माह इसकी रिपोर्ट सीधे प्रदेश कार्यालय भेजी जाएगी। हर बूथ पर ऐसे चार परिवार चिन्हित किए जाएंगे, जिन्होंने कभी समाजवादी पार्टी को वोट नहीं किया। उनसे संपर्क कर अपना नया वोटर बनाने का प्रयास होगा। समस्त समुदायों के बीच जाकर जोड़ने पर जोर दिया जाएगा।  

गुटबाजी दूर करने में अभी भी कामयाब नहीं
समाजवादी पार्टी में पिछले काफी  समय से गुटबाजी देखी जा रही है। एक तरह से जनपद में दो सपा काम कर रही है।  लोकसभा चुनाव में मजबूती और एकजुटता की बात तो पदाधिकारी कर रहे हैं।  संगठन के लिए काम करने की बात कहकर गुटबाजी के सवालों से बचाव किया जा रहा है।

मगर ये गुटबाजी शनिवार को हुई प्रेस वार्ता में भी हावी होती दिखी। एक गुट जहां प्रेसवार्ता कर चुनावी रणनीति को बयां कर रहा था तो दूसरा गुट नदारद रहा। हालांकि जिला अध्यक्ष जगदेव सिंह जग्गा की तरफ से भी इसे लेकर प्रेस नोट जारी किया गया।

यह भी पढ़ें- पीलीभीत : बच्चों की बनेगी सेहत, शिक्षक चेक करेंगे लंच बॉक्स, बताएंगे क्या खाएं किससे करें परहेज..जानिए पूरा मामला

संबंधित समाचार