पीएम के कार्यक्रम में जिले के नेताओं को नहीं मिली एंट्री, बृजभूषण बोले- गोंडा के बिना अयोध्या अधूरी
गोंडा, अमृत विचार। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अयोध्या दौरे को लेकर शनिवार को हर तरफ उल्लास का माहौल रहा लेकिन इस कार्यक्रम में जिले के नेताओं को एंट्री नहीं मिल सकी। पीएम के कार्यक्रम का बुलावा न मिलने से जिले के मायूस नजर आए। जिले के एक कार्यक्रम में मौजूद कैसरगंज सांसद बृजभूषण शरण सिंह से जब पीएम के कार्यक्रम में शामिल न होने को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने पीएम की सुरक्षा का हवाला देते हुए इसका जवाब देने से बचने की कोशिश की लेकिन इतना जरूर कहा कि गोंडा के बिना अयोध्या अधूरी है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को अयोध्या धाम के दौरे पर रहे। पीएम ने यहां महर्षि वाल्मीकि अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट का उद्घाटन करने के साथ ही 8 किमी लंबा रोड शो किया और 15,700 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया। पीएम ने अयोध्या धाम जंक्शन से चलने वाली 6 वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन व 2 अमृत भारत ट्रेन को हरी झंडी भी दिखायी। इस ऐतिहासिक कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी ने एक जनसभा को भी संबोधित किया। पीएम मोदी के इस कार्यक्रम में अयोध्या समेत ,लखनऊ व बाराबंकी जिले के कई जनप्रति निधि भी शामिल हुए लेकिन इस कार्यक्रम में गोंडा जिले के जन प्रतिनिधियों को नहीं बुलाया गया। जिले के जनप्रतिनिधि अयोध्या की सीमा के बाहर से ही प्रधानमंत्री के कार्यक्रम की जानकारी लेते रहे।
.jpg)
प्रदेश के पूर्व समाज कल्याण मंत्री व मनकापुर विधायक रमा पति शास्त्री व पार्टी के जिलाध्यक्ष अमर किशोर कश्यप उर्फ बमबम मनकापुर रेलवे स्टेशन पर अमृत भारत ट्रेन का स्वागत किया। अयोध्या आंदोलन में सक्रियता निभाने और बाबरी विध्वंस के आरोपियों में शामिल रहे कैसरगंज सांसद बृजभूषण शरण सिंह भी जिले के कार्यक्रमों में व्यस्त रहे। अयोध्या में होने वाले पार्टी के अधिकतर कार्यक्रमों में बढ़चढ़कर हिस्सा लेने वाले कैसरगंज सांसद बृजभूषण शरण सिंह भी प्रधानमंत्री के कार्यक्रम से दूर ही रहे। जिला प्रशासन की तरफ से आयोजित ग्राम चौपाल में पहुंचे सांसद से जब प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में न जाने को लेकर सवाल किया गया तो पहले तो उनके चेहरे पर कार्यक्रम में शामिल न होने का दर्द साफ दिखाई दिया। हालांकि पहले तो उन्होने पीएम की सुरक्षा का हवाला देकर इस सवाल को टालने की कोशिश की लेकिन इतना जरूर कहा कि गोंडा के बिना अयोध्या अधूरी है।
पीएम दौरे को लेकर जिले में रहा हाई अलर्ट
प्रधानमंत्री मोदी के अयोध्या दौरे को लेकर शनिवार को जिले में हाई अलर्ट रहा। डीआईजी व एसपी नवाबगंज थाना क्षेत्र के कटरा शिवदयालगंज स्थित अयोध्या सीमा पर डटे रहे और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे। प्रधानमंत्री मोदी के अयोध्या दौरे को लेकर शनिवार को अयोध्या से जुड़ी सीमा सील रही। वाहनों का आवागमन पूरी तरह से प्रतिबंधित रहा। डीआईजी अमरेंद्र प्रसाद सिंह, व पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल कटरा शिवदयालगंज चेक पोस्ट पर पूरी मुस्तैदी से डटे रहे। सुरक्षा के लिहाज से अपर पुलिस अधीक्षक समेत दो सीओ, 12 इंस्पेक्टर, 60 सब इंस्पेक्टर व 266 पुलिस कर्मियों समेत एक कंपनी पीएसी की ड्यूटी लगायी गयी थी। पूरे इलाके की ड्रोन कैमरे से निगरानी होती रही।
ये भी पढ़ें -गोंडा : 35 हजार छात्रों का ब्योरा नहीं दे सके जिले के 361 मदरसे, रद्द होगी मान्यता
