जल शक्ति राज्यमंत्री ने श्रीराम मंदिर शजर प्रदर्शनी का किया उद्घाटन
बांदा,अमृत विचार। अयोध्या में नवनिर्मित मंदिर में 22 जनवरी को मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम की प्रतिमा के प्राण प्रतिष्ठा समारोह को लेकर उत्साह का माहौल है। हस्तशिल्पी ने अद्भुत श्रीराम मंदिर को देखने के लिए शनिवार को शहर के रामलीला मैदान में आयोजित प्रदर्शनी का उद्घाटन प्रदेश के जलशक्ति राज्यमंत्री ने फीता काट कर किया। माडल को देखकर हर कोई आश्चर्यचकित रह गया।
जनपद के केन नदी में पाए जाने वाला शजर पत्थर यूपी में ओडीओपी प्रोडक्ट में शामिल है। यह ए ग्रेड श्रेणी का सबसे मजबूत और महंगा पत्थर है। इसमें पेड़ पौधों और प्राकृतिक छटाओं की सुंदर छवि अंकित हो जाती है। नदी में शजर की पहचान कर उसे काटने और तरासने की लंबी प्रक्रिया है। इसके बाद शजर की असली तस्वीर सामने आती है और तभी इसकी कीमत भी तय होती है। दो दशक पहले इसे तरासने वाले 70- 80 कारखाने थे। अब इनकी संख्या बहुत कम रह गई है। यहां के शजर से बनी ज्वेलरी और बेस कीमती उपहार विदेश तक भेजे जाते थे।
कड़ी मेहनत के बाद हस्तशिल्पी द्वारिका प्रसाद सोनी ने केन नदी में पाए जाने वाले शजर पत्थर से अद्भुत श्रीराम मंदिर का माडल तैयार किया। शनिवार को लोगों को देखने के लिए शहर के रामलीला मैदान में आयोजित प्रदर्शनी का उद्घाटन जल शक्ति राज्यमंत्री रामकेश निषाद ने फीता काकटर किया। राज्यमंत्री ने प्रदर्शनी में रखे शजर पत्थर से निर्मित ताज महल, कालिंजर दुर्ग, टेबल लैंप, राष्ट्रीय ध्वज, शोपीस, चैस बोर्ड, गले कान के आभूषण आदि को नजदीक से देखा। उन्होंने पत्थर में बनी कलाकृतियों को पत्थर तरास कर निकालने के लिए शिल्पकार की प्रशंसा की।
कहा कि इस राम मंदिर को प्रधानमंत्री के हाथों से अयोध्या धाम में रखवाने के लिए हर संभव प्रयास कर शिल्पकार के के सपनों को साकार करेंगे। शिल्पकार का कहना है कि शजर पत्थर से निर्मित राम मंदिर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों में प्रदान करने की इच्छा है। उद्घाटन अवसर पर पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जगराम सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष संजय सिंह, इंडस्ट्री एसोसिएशन जिलाध्यक्ष डा.मनोज कुमार शिवहरे, संतोष गुप्ता, जिला संघचालक सुरेंद्र पाठक, भाजपा किसान मोर्चा क्षेत्रीय अध्यक्ष बालमुकुंद शुक्ला, राजकुमार राज, उत्तम सक्सेना, मुदित शर्मा, भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष वंदना गुप्ता, ममता मिश्रा, कल्लू सिंह राजपूत, शिवपूजन गुप्ता, सत्यप्रकाश सर्राफ, मनोज पुरवार, संतु गुप्ता, मनोज जैन आदि मौजूद रहे।
ये भी पढ़े:- नये साल 2024 पर हुड़दगिंयो से निपटने के लिए लखनऊ पुलिस तैयार, ज्वॉइंट पुलिस कमिश्नर ने बताई अपनी तैयारियां
