बरेली: सांड़ को गोशाला पहुंचाने के लिए कहा तो अधिकारी नजरें बचाकर निकल गए
बरेली, अमृत विचार। क्योलड़िया में सांड़ के हमले में मुतवल्ली की मौत की सूचना पर शनिवार को पैनी नजर सामाजिक संस्था की अध्यक्ष एडवोकेट सुनीता गंगवार भी गांव पहुंचीं। उन्होंने पीड़ित परिवार से मिलकर संवेदना व्यक्त की। उनके पहुंचने पर सांड़ को ग्रामीणों ने जंजीरों से बांध रखा था। डॉक्टर ने उसे हल्का बेहोशी का इंजेक्शन भी दिया था।
नायब तहसीलदार और ब्लॉक अधिकारी भी आ गए। सुनीता गंगवार ने दोनों अधिकारियों से सांड़ को गोशाला तक ले जाने की बात कही तो अधिकारी नजरें बचाकर निकल गए। फिलहाल, सांड़ ग्राम प्रधान के हवाले कर दिया गया है।
ग्रामीणों का कहना था कि यह सांड़ तत्काल गोशाला पहुंचाना चाहिए, ताकि गांव में और किसी के साथ घटना न हो सके। सांड़ से पूरा गांव परेशान है। सुनीता गंगवार का कहना है कि गांवों में इस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं, लेकिन शासन और प्रशासन सुन नहीं रहा है।
चुनाव के समय नेता छुट्टा पशुओं की समस्या से निजात दिलाने और गोशालाओं का निर्माण कराने का दावा करते हैं, मगर जब जरूरत होती है तो ये गोशालाएं नजर नहीं आती हैं। किसान दोहरी मार झेल रहा है। रात भर किसान पशुओं से खेतों की रखवाली कर रहा है मगर इसके बाद भी फसल नहीं बच पा रही है।
ये भी पढे़ं- बरेली: अब नए साल पर ग्रीटिंग कार्ड का नहीं दौर, सोशल साइट्स के माध्यम से ही लोग देते हैं शुभकामनाएं
