Kanpur: राम आएंगे, 11 लाख दीयों से शहर के मंदिरों, घाटों और बाजारों को जगमगाएंगे, दीपावली धूम-धाम से मनाएंगे….

Amrit Vichar Network
Published By Nitesh Mishra
On

कानपुर में 22 जनवरी को रामलला के स्वागत के लिए तैयारी तेजी से चल रही है।

22 जनवरी को रामलला के स्वागत के लिए शहर भी तैयारी कर रहा है। इस दिन दीपावली मनाने को लेकर उत्साह है। दीयों के जरिये शहर को रात में जगमग करने की तैयारी है। विभिन्न सामाजिक संगठन और आम लोग 11 लाख दीयों से शहर जगमगाने की तैयारी कर रहे हैं।

कानपुर, अमृत विचार। 22 जनवरी को रामलला के स्वागत के लिए शहर भी तैयारी कर रहा है। उस दिन दीपावली मनाने को लेकर उत्साह है। दीयों के जरिये शहर को रात में जगमग करने की तैयारी है। विभिन्न सामाजिक संगठन और आम लोग 11 लाख दीयों से शहर जगमगाने की तैयारी कर रहे हैं। कुम्हारों के पास दीयों के ऑर्डर आने लगे हैं।

यह पहली बार है जब कड़ाके की सर्दी में शहर के कुम्हारों के चाक घनाघन घूम रहे हैं। काकादेव, कारवालो नगर में मौजूद कुम्हार रात दिन दीयों के ऑर्डर पूरा करने में लगे हैं। कुम्हारों की मानें तो अब तक शहर के लगभग 300 कुम्हारों के पास 8 लाख से अधिक दीयों के ऑर्डर आ चुके हैं। 22 जनवरी तक ऑर्डर की संख्या दोगुनी होने की उम्मीद है।

शहर के तमाम सामाजिक संगठन शहर में सजावट करने की तैयारी में हैं। अपार्टमेंटों में सामूहिक रूप से दीपकोत्सव मनाने की तैयारी हो रही है। स्वरूप नगर, तिलक नगर, गोविंद नगर, सर्वोदय नगर, दबौली सहित अन्य इलाकों में घरों के साथ ही सामूहिक रूप से दीयों को सजाने के लिए स्थान देखे जा रहे हैं।  

बड़े दीयों की मांग अधिक

काकादेव के कुम्हार रित्तू और सीहू ने बताया कि सामान्य से बड़े दीयों का ऑर्डर अधिक है। इसकी वजह बड़े दीयों में तेल अधिक आता है और देर तक जलते हैं। उन्होंने बताया कि कई ऑर्डर ऐसे भी आए हैं जिनमें दीयों में ‘श्रीराम’ लिखने के लिए कहा गया है। 

गंगा तट भी चमकेंगे

शहर में मंदिरों और गंगा तटों पर भी दीये जलाने की तैयारी चल रही है। घाटों पर इसके लिए सामाजिक संगठनों ने जगह का चयन कर लिया है। खासतौर पर सिद्धनाथ घाट, परमट घाट और सरसैया घाट पर समारोह कर दीपकोत्सव मनाए जाने की तैयारी है।   

डिजाइनर दीये भी मौजूद

बाजार में 22 जनवरी को लेकर डिजाइनर दीयों की भी खरीदारी हो रही है। यह दीये दस रुपये से शुरू होकर 80 रुपये तक बिक रहे हैं। स्वरूप नगर में डिजाइनर माटी के दीये बेच रही किशोरी कश्यप ने बताया कि उनके पास लगातार दीयों के ऑर्डर आ रहे हैं।   

बिरहाना रोड पर 21 सौ दीये जलेंगे

बिरहाना रोड पर 22 जनवरी को 21 सौ दीये जलाकर सराफा बाजार जगमग किया जाएगा। बिरहाना रोड नवयुवक संघ की ओर से होने वाले इस आयोजन में बाजार में उत्साह के साथ संगीतमय सुंदरकांड भी आयोजित कर प्रभु श्रीराम के जयघोष लगाए जाएंगे। नवयुवक संघ के अध्यक्ष गणेश बाजपेई ने बताया कि उस दिन उत्साह के साथ पर्व मनाया जाएगा। कमेटी ने इसके लिए तैयारी शुरू कर दी है।

यह भी पढ़ें- Kanpur: राम मंदिर के चांदी के सिक्के आए बाजार में… दस, 20 और 50 ग्राम के सिक्कों को खरीदने की मची होड़

संबंधित समाचार