Kanpur: राम मंदिर के चांदी के सिक्के आए बाजार में… दस, 20 और 50 ग्राम के सिक्कों को खरीदने की मची होड़
राम मंदिर के चांदी के सिक्के दस से 50 ग्राम तक के वजन में बाजार में उपलब्ध हैं।
सोना-चांदी बाजार में राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा की याद संजोने के लिए चांदी के विशेष सिक्कों ने भी दस्तक दे दी है। दस ग्राम से 50 ग्राम तक के सिक्के हैं। बाजार में चांदी के दो तरह के सिक्के मौजूद हैं। एक सिक्के पर राम दरबार व दूसरे सिक्के पर अयोध्या राम मंदिर मॉडल दर्शाया गया है।
कानपुर, अमृत विचार। सोना-चांदी बाजार में राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा की याद संजोने के लिए चांदी के विशेष सिक्कों ने भी दस्तक दे दी है। दस ग्राम से 50 ग्राम तक के सिक्के हैं। बाजार में चांदी के दो तरह के सिक्के मौजूद हैं।
एक सिक्के पर राम दरबार व दूसरे सिक्के पर अयोध्या राम मंदिर मॉडल दर्शाया गया है। राम मंदिर मॉडल वाले सिक्के में मीना कारीगरी भी की गई है। कारोबारियों ने बताया कि उपहार देने के लिए इन सिक्कों की मांग बढ़ रही है।
इन सिक्कों पर राम दरबार व अयोध्या राम मंदिर की आकृति बनी हुई है। ये सिक्के 900 रुपये से शुरू होकर 4500 रुपये तक हैं। दस ग्राम का सिक्का 900 रुपये, 20 ग्राम का सिक्का 1800 रुपये व 50 ग्राम का सिक्का 4500 रुपये का है। कनफेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स ‘कैट’ के राष्ट्रीय सचिव पंकज अरोरा ने बताया कि बाजार में यह सिक्के ग्राहकों की मांग पर उपलब्ध हैं।
ऑर्डर पर सिक्के तैयार किए जा रहे हैं। सिक्कों की मांग अचानक बढ़ जाने से कारोबारी भी उत्साहित हैं। यह पहली बार हुआ है कि धनतेरस के अलावा किसी मौके पर चांदी के सिक्कों की मांग इतनी ज्यादा है। कारोबारी मान रहे हैं कि 22 जनवरी से पहले बाजार में धनतेरस की तर्ज पर कारोबार हो सकता है।
