Kanpur Farmer Suicide Case: कैबिनेट मंत्री राकेश सचान से मिली बाबू सिंह की बेटियां, बोली- CM Yogi से मिलवाइये
कानपुर में कैबिनेट मंत्री राकेश सचान से बाबू सिंह की बेटियां मिली।
कानपुर में कैबिनेट मंत्री राकेश सचान से किसान बाबू सिंह की बेटियां मिली। इस दौरान उन्होंने कहा कि मुझे सीएम योगी आदित्यनाथ से मिलवाइये।
कानपुर, अमृत विचार। मृतक किसान बाबू सिंह की बेटियां रविवार को कैबिनेट मंत्री राकेश सचान से मिलने पहुंची। बेटियों ने कैबिनेट मंत्री से सीएम योगी से मिलने की मांग करते हुए कहा कि वह सीएम से यह पूछना चाहती है कि आखिर आरोपी भाजपा नेता की गिरफ्तारी कब होगी और हमारी जमीन कब वापस होगी।
रविवार को न्याय संघर्ष समिति के संयोजक अभिमन्यु गुप्ता के साथ मृतक किसान बाबू सिंह की पत्नी व बेटियां एमएसएमई मंत्री राकेश सचान से मिलने पहुंची। बेटी रूबी व काजल ने मंत्री राकेश सचान को बताया कि घटना के तीन महीने से अधिक समय बीतने के बाद भी अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नही हुई है।

आरोप लगाया कि थाने स्तर पर आरोपी प्रियरंजन आशु दिवाकर व बब्लू को मदद मुहैया कराई जा रही है। इसके साथ ही उन्होंने सूबे के मुखिया योगी आदित्यनाथ से मिलने की मांग रखी। उन्होंने कहा कि सीएम चाह ले तो आरोपियों को पुलिस एक दिन में गिरफ्तार कर लेगी। इसके बाद मंत्री राकेश सचान ने पुलिस कमिश्नर आरके स्वर्णकार को फोन कर आरोपियों की गिरफ्तारी न होने का कारण पूछा।
जिस पर पुलिस कमिश्नर ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार पुलिस टीमें दबिश दे रहीं है, जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। जिसके बाद मंत्री राकेश सचान ने जल्द से जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। मंत्री ने पीड़ित परिवार को बताया कि मामला सीएम के संज्ञान में है। आश्वासन देते हुए कहा कि आरोपियों की जल्द ही गिरफ्तारी होगी और उनकी जमीन वापस मिलेगी।
ये भी पढ़ें- Kanpur Crime: बजरंग दल के नेता की व्हाट्एसप चैट वायरल, दुर्गा वाहिनी कार्यकर्ता ने लगाया शारीरिक शोषण का आरोप
