कानपुर: प्रीतम मंडल व उसके तीन साथियों को पुलिस ने भेजा जेल
कानपुर, अमृत विचार। चौक से सराफा कारोबारी का 452 ग्राम सोना लेकर फरार हुए कारीगर प्रीतम मंडल और उसके दो साथियों को कोतवाली पुलिस रविवार को कानपुर लेकर पहुंची। पुलिस ने तीनों आरोपियों को जेल भेजा। तीनो आरोपियों को पुलिस ने पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार किया था। पुलिस ने आरोपियों के पास से 73 ग्राम सोने के आभूषण व 80 हजार रुपये बरामद किए।
चौक के धोबी मोहाल निवासी सर्राफ तापस धन की दुकान से 15 दिसंबर को 452 ग्राम सोना लेकर कारीगर प्रीतम मंडल उर्फ जिन्नत शेख फरार हो गया था। तापस की तहरीर पर कोतवाली में आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई थी। आरोपी की तलाश में कोतवाली व सर्विलांस टीम लगी हुई थी।
आरोपी प्रीतम मंडल की लोकेशन पुलिस को पश्चिम बंगाल में मिली थी। जिसके बाद पुलिस ने प्रीतम मंडल को बीते शुक्रवार को गिरफ्तार किया था। पुलिस की पूछताछ में प्रीतम ने बताया कि उसने अपने दो साथी हुगली निवासी शेख अकरम व साइफुल काजी की मदद से सोना बेचा था। पुलिस ने प्रीतम की निशानदेही पर शेख अकरम और साइफुल काजी को भी गिरफ्तार किया था।
पुलिस ने आरोपियों के पास से 73 ग्राम सोने के आभूषण व 80 हजार रुपये बरामद किए। पुलिस आरोपियों की ट्रांजिट रिमांड लेकर रविवार को शहर पहुंची। एसीपी कोतवाली अर्चना सिंह ने बताया कि तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेजा गया है। वहीं आरोपियों को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम को डीसीपी पूर्वी की ओर से 25 हजार का पुरस्कार घोषित किया गया।
यह भी पढ़ें : लखनऊ : KGMU में जल्द शुरू होगा स्किन बैंक, बर्न मरीजों के इलाज में मिलेगी मदद
