मुरादाबाद: एमडीए कर्मी बताकर हड़प लिए ढाई लाख रुपए
मुरादाबाद, अमृत विचार। खुद को एमडीए कर्मी बताकर कुछ लोगों से प्लाट दिलाने के नाम पर एक व्यक्ति ने करीब ढाई लाख रुपए हड़प लिए। काफी समय बीतने के बाद भी जब प्लाट नहीं मिला तो एमडीए में जाकर जानकारी ली। इसके बाद फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ। शिकायत लेकर जब आरोपियों के घर पहुंचे तो …
मुरादाबाद, अमृत विचार। खुद को एमडीए कर्मी बताकर कुछ लोगों से प्लाट दिलाने के नाम पर एक व्यक्ति ने करीब ढाई लाख रुपए हड़प लिए। काफी समय बीतने के बाद भी जब प्लाट नहीं मिला तो एमडीए में जाकर जानकारी ली। इसके बाद फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ।
शिकायत लेकर जब आरोपियों के घर पहुंचे तो वहां मौजूद महिलाओं ने छेड़छाड़ में फंसाने की धमकी दी। इस मामले में सिविल लाइंस कोतवाली में चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पीड़ित लोग शहर कोतवाली क्षेत्र के रहने वाले हैं।
मोहल्ला सराय शेख महमूद निवासी मोहम्मद यासीन, लाल मस्जिद निवासी तनवीन आलम मोहम्मद अजीम व परवीन ने एसएसपी को प्रार्थना पत्र दिया। उनका कहना था कि हिमगिरि कालोनी निवासी शिब्बू से उसकी मुलाकात हुई। उसने बताया कि वह और उसके पिता एमडीए में क्लर्क के पद पर तैनात हैं। वे लोग नया मुरादाबाद में सस्ता प्लाट दिलवा सकते हैं।
पीड़ितों के अनुसार, बात तय होने पर शिब्बू ने उनसे साठ-साठ हजार रुपए पहले लिए। फिर फार्म भरवाने के नाम पर करीब ढाई-ढाई हजार रुपए लिए। आरोप है कि पैसे लेने के बाद भी करीब एक माह तक प्लाट के संबंध में कोई जवाब नहीं दिया। जानकारी करने के लिए सभी जब एमडीए कार्यालय पहुंचे तो धोखाधड़ी की जानकारी हुई। साथ ही मालूम हुआ कि शिब्बू के पिता पहले यहां तैनात थे, अब रिटायर हो चुके हैं।
यह सुनकर सभी के होश उड़ गए। आरोप है कि इसकी जानकारी होने पर जब वह रकम वापसी के लिए शिब्बू के घर पहुंचे तो उसकी मां और पत्नी ने छेड़छाड़ के झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी। एसएसपी के आदेश पर सिविल लाइंस कोतवाली में शिब्बू, उसकी मां-बहन और पिता के खिलाफ फर्जीवाड़े की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
