बरेली: अपने घर में मृत मिली 72 साल की बुजुर्ग महिला
अर्द्धनग्न हालत में था शव, माथे पर मिले चोटों के निशान
बरेली, अमृत विचार। प्रेमनगर की नेहरू पार्क कॉलोनी में रविवार को 72 साल की पूर्णिमा जायसवाल अपने ही घर में फर्श पर मृत अवस्था में पड़ी मिलीं। उनके माथे पर चोटों के साथ फर्श पर भी खून के निशान मिले हैं। शव भी अर्द्धनग्न अवस्था में था। हालांकि प्रारंभिक छानबीन के बाद पुलिस सर्दी से मौत होने की आशंका जता रही है। किसी सरकारी विभाग से सेवानिवृत्त हुईं पूर्णिमा अविवाहित थीं और अकेले रहती थीं।
बुजुर्ग पूर्णिमा के पड़ोसियों के मुताबिक तीन दिन से वह घर के बाहर नहीं दिखी थीं और उनके कमरे से भी बदबू आ रही थी। रविवार को इस बारे में प्रेमनगर पुलिस को सूचना दी गई थी। पुलिस नेहरू पार्क कॉलोनी पहुंची तो पूर्णिमा के घर का गेट अंदर से बंद था। इसे खोलकर पुलिस अंदर पहुंची तो कमरे में पूर्णिमा का शव उनके बेड के ही पास पड़ा था। पुलिस ने घटनास्थल पर कुछ देर छानबीन करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
पुलिस के मुताबिक पूर्णिमा की मौत दो-तीन दिन पहले होने का अनुमान है। पूर्णिमा का शव अर्द्धनग्न अवस्था में मिलने के साथ उनके माथे की चोटें शक पैदा कर रही हैं। पुलिस का कहना है कि मौत की सही वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगी। पुलिस ने काठगोदाम में रहने वाले पूर्णिमा के भतीजे नरेश जायसवाल को उनकी मृत्यु की सूचना भेजी है।
बुजुर्ग महिला घर में अकेली रहती थीं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई पर विचार किया जाएगा - संदीप सिंह, सीओ प्रथम।
ये भी पढ़ें- बरेली: खेत पर तार लगाकर करंट दौड़ाया, चार छुट्टा पशु मरे
