संभल : रोडवेज की अनुबंधित और प्राइवेट बसों का संचालन दूसरे दिन भी रहा ठप, भटके यात्री
संभल में बस चालकों ने दूसरे दिन भी जारी रखी हड़ताल, भटके यात्री
संभल-मुरादाबाद मार्ग पर ट्रक खड़े कर चालकों ने लगाया जाम, पुलिस ने समझाया, सड़क हादसा होने पर चालक को 10 साल की सजा और सात लाख रुपये जुर्माने के कानून का विरोध
संभल, अमृत विचार। सड़क हादसा होने पर वाहन चालक को 10 साल की सजा और सात लाख रुपये जुर्माना किए जाने वाले कानून का विरोध संभल में दूसरे दिन भी जारी रहा। रोडवेज की अनुबंधित और प्राइवेट बसें खड़ी रहीं तो चालकों ने हड़ताल करते हुए कानून के खिलाफ आवाज उठाई। संभल से मुरादाबाद के लिए बसें नहीं चलने के कारण यात्री दिनभर भटकते रहे। वहीं ट्रकों को मुरादाबाद मार्ग पर खड़ा करके चालकों ने जाम लगा दिया लेकिन पुलिस ने समझाकर उन्हें शांत किया।
संभल से मुरादाबाद के लिए रोडवेज की अनुबंधित 35 बसों का संचालन दूसरे दिन सोमवार को भी बाधित रहा। चालकों ने हड़ताल जारी रखी तो बसें रोडवेज बस अड्डा परिसर में खड़ी रहीं। चालकों का कहना रहा कि सरकार जो कानून ला रही है, उसे बर्दाश्त नहीं कर सके। क्योंकि हादसा होने पर वह सजा काटने के साथ ही इतनी बड़ी रकम जुर्माने के तौर पर कहां से देंगे। सरकार को कानून वापस लेना चाहिए।
वहीं प्राइवेट बस अड्डा परिसर में भी बसें खड़ी रहीं और चालकों ने भी हड़ताल जारी रखी। संभल से मुरादाबाद के लिए बसों का संचालन नहीं होने की वजह से यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। चंदौसी चौराहा पर दिनभर यात्रियों की भीड़ वाहनों के इंतजार में खड़ी नजर आईं। कड़ी सर्दी में यात्री भटकते रहे। तमाम यात्री तो जब कोई वाहन नहीं मिला तो मुरादाबाद का रुख नहीं कर सके जबकि कुछ यात्री दूसरे वाहनों में सवार होकर दिक्कतों से जूझते हुए मुरादाबाद तक पहुंचे।
मुख्य मार्ग पर ट्रक खड़े कर लगाया जाम
कानून के विरोध में सोमवार को ट्रक चालकों ने भी आवाज उठाई। चंदौसी चौराहा से आगे मुरादाबाद मार्ग पर ट्रक खड़े करके जाम लगा दिया। जिस कारण मार्ग पर आवागमन पूरी तरह से बाधित हो गया। जाम लगाए जाने की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। ट्रक चालकों का कहना रहा कि कानून किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जा सकता क्योंकि कानून के चलते वह बर्बाद हो जाएंगे। उनके परिवार भुखमरी के कगार पर पहुंचे। हालांकि पुलिस ने ट्रक चालकों को समझाया। पुलिस ने कहा कि इस तरह मार्ग को बाधित नहीं किया जा सकता। चालक सिर्फ ट्रकों को चिन्हित स्थान पर खड़ा कर सकते हैं। पुलिस के कहने पर चालकों ने मुख्य मार्ग से ट्रक हटा लिए।
ये भी पढ़ें : संभल : बीच सड़क पर ट्रैक्टर से स्टंट कर रहा था युवक, चली गई जान...देखें VIDEO
