बाराबंकी: नए वर्ष के स्वागत में बिखरा उल्लास, पार्क व होटल रहे गुलजार, धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बाराबंकी, अमृत विचार। नए साल के स्वागत की तैयारियों में जुटे शहर में हर तरफ हैप्पी न्यू ईयर की धूम रही। रविवार शाम को मुख्य बाजारों में चहलपहल नजर आई। रात 12 बजते ही सभी नए साल की शुभकामनाएं देने में व्यस्त हो गए। उधर, जश्न के दौरान कानून-व्यवस्था चुस्त-दुरूस्त रहे, इसके लेकर पुलिस विभाग भी चौकन्ना नजर आया। चौक-चौराहों पर पुलिसकर्मी तैनात रहे। वहीं सोमवार को साल के पहले दिन धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं की लंबी कतार देखी गई।

07

वर्ष 2023 की विदाई और नव वर्ष 2024 की अगवानी के लिए लोगों ने अपने-अपने अंदाज में तैयारी की। किसी ने केक खरीदा तो किसी ने गिफ्ट। शहर के गिफ्ट की दुकानों में विभिन्न प्रकार के उपहार व बेकरी में केक खरीदने वालों की भीड़ रही। होटलों और रेस्टोरेंट संचालकों ने भी नए वर्ष को लेकर काफी तैयारियां की।

युवा डीजे पर खूब थिरके और रात के 12 बजते ही केट काटा और एक दूसरे को खिलाकर नए साल की बधाई दी।  नए साल के उल्लास में कहीं विवाद या अनहोनी न हो इसके लिए पुलिस भी चौकन्ना रही। फूलों की दुकानों पर भी खरीदारों की खासी भीड़ रही। आम दिनों में 10-15 रुपये प्रति कली बिकने वाला गुलाब 50 रुपये तक बिका। बुके की भी बिक्री खूब हुई। लोगों ने नए साल की एक दूसरे को बुके देकर शुभकामनाएं दीं। पहले दिन सभी कार्यालयों में शुभ कामनाएं देने का दौर चलता रहा।

पहले सोमवार पर महादेवा में उमड़ी भीड़

नव वर्ष के पहले सोमवार पर लोधेश्वर महादेवा में भारी संख्या में श्रद्धालुओं का जन सैलाब उमड़ पड़ा। मंदिर के कपाट खुलते ही शिव भक्तों का जलाभिषेक करने का क्रम शुरु हो गया। भोर पहर से ही बैरिकेडिंग के बीच लाइन में लगे श्रद्धालु हाथों में जल, पुष्प, भांग, धतूरा, अक्षत आदि पूजन सामग्री लेकर मंदिर के कपाट खुलने का इंतजार कर रहे थे। मंदिर का द्वार खुलते ही शिव भक्तों का जलाभिषेक व पूजन दर्शन करने का क्रम शुरू हो गया। जो देर शाम तक चलता रहा।

Untitled

सुरक्षा व्यवस्था की दृष्टि से थाना प्रभारी निरीक्षक रत्नेश पांडे चौकी इंचार्ज संतोष त्रिपाठी के साथ लगे पुलिस के जवान श्रद्धालुओं की भीड़ को संभालने में पसीने पसीने दिखे। महादेवा में लगी दुकानों पर खूब बिक्री हुई। श्री लोधेश्वर सोम सेवा संस्था के संस्थापक अनमोल मिश्रा की अगुवाई में गौरीकांत,  कृष्ण प्रताप, नवनीत, शुभम आदि के द्वारा श्रद्धालुओं के ठंड के बचाव के लिए अलाव और चाय की व्यवस्था की गई।

जायरीनों ने माथा टेक की नए वर्ष की शुरुआत

सूफ़ी संत हाज़ी वारिस अली शाह की नगरी देवा शरीफ में नववर्ष के अवसर पर देश के कोने कोने से जायरीनों का हुजूम उमड़ पड़ा। रविवार से ही भारी संख्या में श्रद्धालुओं के आने का क्रम जारी था। प्रत्येक वर्ष नये साल के अवसर पर भारी संख्या में जायरीन देवा शरीफ आते हैं और सूफ़ी संत की मजार पर हाजिरी लगाकर अपने नये साल की शुरुआत करते हैं।

जायरीनो में सर्वाधिक संख्या अयोध्या जनपद के लोगों की होती है। रविवार की रात में ही अयोध्या जनपद से सैकड़ों की संख्या में जायरीन आ गये थे और इन लोगों ने सोमवार को सूफी संत की मजार पर चादरपोशी कर सलामती की दुआ की और अपने नए साल की शुरुआत की। इसके अलावा गोंडा, बहराइच,श्रावस्ती,कानपुर, आगरा और लखनऊ सहित अन्य जनपदों से भी भारी संख्या में जायरीर मजार पर आकर अपने नए वर्ष की शुरुआत की। 

कोटवाधाम, किन्तूर में भी भक्तों की आमद

नए वर्ष पर क्षेत्र के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल कोटवाधाम, कुन्तेश्वरधाम, किन्तूर, पारिजात धाम बरोलिया में हजारों श्रद्धालुओं ने दर्शन पूजन कर मनवांछित फलों की प्राप्ति और विश्वमानव कल्याण की कामना किया। सोमवार को क्षेत्र के प्रसिद्ध कुन्तेश्वर महादेव मंदिर किंन्तूर में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से शाम तक जलाभिषेक का सिलसिला चलता रहा।

वहीं सतनामी सम्प्रदाय के तीर्थ स्थल कोटवाधाम में हजारों सत्यनामी श्रद्धालुओं ने बाबा की ड्योढ़ी पर माथा टेक दर्शन पूजन किया। कुन्तेश्वरधाम किन्तूर में हजारों श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ के दरबार में जलाभिषेक किया। ग्राम बरोलिया स्थित महाभारत कालीन पौराणिक पारिजात धाम में भी सैकड़ों लोगों ने पारिजात वृक्ष के दर्शन पूजन कर मनवांछित फलों की प्राप्ति की कामना की।

यह भी पढ़ें;-बहराइच: केंद्र के नए कानून के खिलाफ सड़क पर उतरे रोडवेज बस चालक, प्रदर्शन कर लगाया जाम

संबंधित समाचार