मुरादाबाद : जहरीला इंजेक्शन लगाकर हत्या करने के आरोपी जीजा-साले पर गैंगस्टर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कार्रवाई :14 अक्टूबर 2021 को लाइनपार से स्कूटी से घर लौट रहे थे राकेश, तभी उनके साथ हुई थी घटना

मुरादाबाद, अमृत विचार। कांशीराम कॉलोनी की रेनू देवी के पति राकेश कुमार को जहरीला इंजेक्शन लगाकर उनकी हत्या के आरोपियों के विरुद्ध पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मझोला थानाध्यक्ष संजय कुमार पांचाल ने बताया कि इस घटना में नरेश व इसका भाई प्रदीप और जीजा रामवीर नामजद था। तीनों के विरुद्ध रविवार रात में गैंगस्टर के तहत कार्रवाई की है।

उन्होंने बताया कि इन तीनों अभियुक्तों में गैंग का लीडर नरेश है, जो गैंग के सदस्यों के साथ मिलकर जहरीला इंजेक्शन लगाकर हत्या जैसी संगीन घटनाएं करते हैं। उन्होंने बताया कि तीनों अभियुक्त जेल से बाहर जमानत पर हैं। उन्होंने बताया कि अभियुक्त नरेश व प्रदीप चैतिया फार्म हाउस बसंत विहार कॉलोनी के रहने वाले हैं, जबकि इसका जीजा रामवीर संभल जिले के असमौली के सींधरी का रहने वाला है। 

शुरूआत में आरोपियों के विरुद्ध रेनू देवी ने मझोला थाने में 16 अक्टूबर 2021 को जानलेवा हमले के आरोप में एफआईआर दर्ज कराई थी। बी-335 कांशीराम कॉलोनी सिंगल स्टोरी की रेनू देवी ने उस समय पुलिस को बताया था कि उनके पति राकेश कुमार 14 अक्टूबर 2021 को अपने मौसेर भाई के साथ लाइनपार से कपड़े खरीदकर स्कूटी से घर लौट रहे थे। रास्ते में बाइक सवार तीन व्यक्ति प्रदीप, नरेश व इनका जीजा रामवीर उनका पीछा कर रहे थे। राकेश रात के 10.15 बजे स्कूटी से घर पहुंचे थे। वह घबराए थे। 

उन्होंने रेनू से बताया भी था कि पीछा कर रहे तीनों लोग उनके कंधे पर जहर का इंजेक्शन लगाकर भाग गए हैं। रेनू ने इसकी जानकारी रिश्तेदारों के साथ 112 पुलिस को भी दी। साथ ही पति को इलाज के लिए अस्पताल ले गई, मगर वह उन्हें बचा नहीं पाई थीं। मझोला पुलिस ने प्रारंभिक प्रार्थना पत्र पर जानलेवा हमले के आरोप में तीनों आरोपियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज की थी। पीड़ित की मौत होने पर मामले को हत्या के आरोप में दर्ज किया था।

ये भी पढे़ं : मुरादाबाद : अधिक डायटिंग के चक्कर में गवां रहे शरीर का पोषण, कई महिलाएं आईं टीबी की चपेट में

संबंधित समाचार