बाराबंकी: आवास विकास के इंजीनियर ने डूडा के प्रोजेक्ट मैनेजर को धमकाया, जानिए किस बात से था नाराज
बाराबंकी। आवास विकास विभाग के अधिशासी अभियंता पर डूडा के प्रोजेक्ट मैनेजर को धमकाने का आरोप है। अधिशासी अभियंता जगनेहटा में बन रहे 288 आवासों का जिलाधिकारी द्वारा निरीक्षण किए जाने से नाराज थे। निरीक्षण के लिए परियोजना अधिकारी ही जिलाधिकारी को अपने साथ लेकर गए थे। आरोप है कि जिलाधिकारी के निरीक्षण में दीवारों में मानक विहीन ईंट का प्रयोग पाया गया था। इस पर डीएम ने सुपरवाइजर के निलंबन की संस्तुति कर दी। इससे नाराज अधिशाषी अभियंता आवास विकास परिषद ने पीओ डूडा को फोन कर देख लेने की धमकी दी।
नगर पालिका परिषद नवाबगंज के बड़ेल स्थित जगनेहटा में आवास विकास परिषद द्वारा करीब 12 करोड़ की लागत से तीन मंजिला इमारत बनाई जा रही है। तीन मंजिला इमारत की छत चुकी हैं, ईंटों से दीवारें बनाई जा रही हैं। शनिवार को डीएम सत्येंद्र कुमार झा ने निरीक्षण किया। यहां कई दीवारें पीली ईंट से बनी मिलीं थी। डीएम ने बताया कि मानक विहीन ईंटों का प्रयोग किया गया था, इसलिए शासन को सुपरवाइजर हरि सिंह के निलंबन के लिए संस्तुति पत्र भेजा है।
इससे नाराज आवास विकास परिषद के अधिशाषी अभियंता अभिषेक वर्मा और परियोजना अधिकारी सौरभ त्रिपाठी का आडियो प्रसारित हुआ। अमृत विचार इस ऑडियो की पुष्टि नहीं करता है। अधिशाषी अभियंता पर आरोप है उन्होंने धमकी दी है। आडियो में अधिशाषी अभियंता ने कहा कि सहायक अभियंता कह रहे थे कि आपको कोई दिक्कत हैं।
अधिशाषी अभियंता आपके चैंबर में आकर नहीं बैठेगा। वहां पर निरीक्षण कर नाटक रह रहे हैं। शासन को यह बताऊंगा। सरकारी तंत्र में आप लोग गुंडा हो। एक-एक कार्यों की जांच कराई जाएगी। आप लोगों को देख लूंगा। आडियो डीएम के पास पहुंची तो उन्होंने शासन को पत्र भेजने की बात कही।
अधिशाषी अभियंता ने मुझे फोन किया था, वह निरीक्षण को लेकर नाराज थे। देख लेने की धमकी दी । कई आरोप लगाए, मौके पर अनियमितता बरती जा रही थी। उन्होंने कहा कि डीएम निरीक्षण करने गए थे, तो वह क्या तकनीकी विशेषज्ञ हैं। कैसे प्रोजेक्ट का निरीक्षण कर लिया। धमकी देने के मामले का पत्र डीएम को भेजा जा रहा है।
सौरभ त्रिपाठी, परियोजना अधिकारी, नगर विकास अभिकरण, बाराबंकी।
धमकी नहीं दी। नगरीय विकास अभिकरण (सूडा) के परियोजना अधिकारी को फोन किया था, कहा था कि उनके चेंबर में नहीं आऊंगा, क्योंकि वह हमसे रैंक में छोटे अधिकारी हैं। निरीक्षण करने डीएम गए थे। सहायक अभियंता से कहा कि आपके अधिशाषी अभियंता नहीं आते हैं, तो हम क्यों मिलने जाएंगे। आप टेक्निकल बाडी भी नहीं हैं, कि चर्चा की जाए। पात्रता का चयन भी नहीं कर पाए, यह भी अपने स्तर पर लंबित रखा।
पीली ईंट मिट्टी का कलर पीला हो सकता है, बस सिर्फ उसका स्ट्रैंथ कम न हो। मेरी मंशा बिल्कुल साफ है। डीएम इसकी जांच करा लें। हमने जांच करा ली है। सुपरवाइजर के निलंबन के लिए लिखा गया है, उसका पत्र भेजा जा रहा है, उन्हें निलंबित करा दिया जाएगा।
अभिषेक वर्मा, अधिशाषी अभियंता, आवास विकास परिषद
यह भी पढ़ें: अयोध्या: रामलला के पूजित अक्षत वितरण की हुई शुरुआत, चंपत राय बोले- 22 जनवरी को सभी घरों में मनाएं उत्सव
