गोंडा: स्कूल आवंटन के लिए इंतजार करते रहे चयनित शिक्षक, नहीं जारी हो सकी सूची

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

गोंडा। 12460 शिक्षक भर्ती के चयनित शिक्षकों के स्कूल आवंटन पर साल के पहले ही दिन ग्रहण लग गया। स्कूल आवंटन के लिए सूची निदेशालय से जारी होनी थी लेकिन देर शाम तक सूची नहीं जारी हो सकी। जिससे साल के पहले ही दिन शिक्षकों को मायूस होना पड़ा। अब मंगलवार को स्कूल आवंटन की उम्मीद है। 12460 शिक्षक भर्ती के अंतर्गत जिले में 159 शिक्षकों का चयन हुआ है।

सोमवार को इन्हें स्कूल आवंटन के लिए बुलाया गया था‌। चयनित शिक्षकों को यह उम्मीद थी कि वर्ष का पहला ही दिन उनके लिए खुशियां लेकर आने वाला है। कड़ाके की ठंड के बावजूद चयनित शिक्षक अपने परिजनों के साथ सुबह ही पंतनगर स्थित जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय पहुंच गए थे। सभी के चेहरों पर एक अलग ही उल्लास था और नौकरी मिलने की खुशी झलक रही थी।

स्कूल आवंटन के लिए सूची निदेशालय से ऑनलाइन जारी होनी थी। इस सूची के आधार पर ही दिव्यांगों व महिलाओं से विकल्प लेकर उन्हें स्कूल आवंटित किया जाना था‌। उम्मीद थी कि दोपहर बाद निदेशालय से सूची जारी हो जायेगी। स्कूल आवंटन को लेकर बीएसए कार्यालय में भी पूरी तैयारी थी। शिक्षक बेसब्री से सूची आने का इंतजार कर रहे थे लेकिन तीन बजे के बाद पता चला कि साइट की समस्या के कारण सूची नहीं जारी होगी।

यह सूचना मिलते ही स्कूल आवंटन का इंतजार कर रहे शिक्षकों के चेहरे उतर गए और उनकी खुशी मायूसी में तब्दील हो गयी। चयनित शिक्षक रजत ने बताया कि नौकरी मिलने का उल्लास तो है। अगर नए वर्ष पर स्कूल भी आवंटित हो जाता तो यह खुशी दोगुनी हो जाती।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी प्रेमचंद यादव ने बताया कि सोमवार को चयनित शिक्षकों को स्कूल आवंटन किया जाना था। स्कूलों की सूची निदेशालय से आनी थी लेकिन साइट‌ खराब होने के कारण सूची नहीं जारी हो सकी। अब मंगलवार को सूची आने की उम्मीद है। सूची मिलते ही स्कूल आवंटन किया जायेगा।

यह भी पढ़ें: नए साल पर ऊर्जा मंत्री का तोहफा, 16 जनवरी तक बढ़ाया एक मुफ्त समाधान योजना

संबंधित समाचार