बरेली: कई प्रदेशों से चोरी कर वाहन काटने वाले गिरोह का पर्दाफाश
सात आरोपी गिरफ्तार, चार कार और सात गाड़ियों के इंजन बरामद
बरेली/बहेड़ी, अमृत विचार। बहेड़ी थाना क्षेत्र में उत्तराखंड, दिल्ली, राजस्थान समेत कई प्रदेशों से वाहनों की चोरी कर काटकर बेचने वाले सात आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से चोरी की चार वाहन और सात गाड़ियों के इंजन बरामद हुए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहल्ला सिकोई नगर कस्बा निवासी मोहम्मद कमर, मो. हसन, हसनैन, रिजवान, मोहम्मद बिलाल, इरशाद, नईम के रूप में हुई है, जबकि, आरोपी अहमद मौके से भागने में सफल रहा। पुलिस उनके साथियों के बारे में पता कर रही है।
पिछले दिनों बरेली में पकड़े गए कुछ चोरों ने पूछताछ में चोरी के वाहनों को बहेड़ी में कटवाने की बात स्वीकार की थी। जिसमें एक कबाड़ी का नाम सामने आया था। जिस पर एसएसपी घुले सुशील चंद्रभान के निर्देश पर पुलिस की टीम ने 50 दुकानों को चिह्नित किया और हर एक दुकान पर दो सिपाहियों को तैनात कर जांच के लिए लगाया।
प्राथमिक जांच में मामला संदिग्ध लगने पर रविवार रात कोतवाल प्रवीण कुमार सोलंकी की अगुवाई में पुलिस बल ने नैनीताल रोड, ट्रक यूनियन रोड, बाईपास, शेरगढ़ रोड समेत अन्य जगहों पर एक साथ दबिश दी तो कबाड़ियों में हड़कंप मच गया। कुछ तो आनन-फानन दुकान में ताले जड़कर मौके से फरार हो गए। बाईपास पर एक कबाड़ खाने के अंदर से कुछ आवाज सुनकर पुलिस वहां पहुंची तो वाहनों में चेसिस घिसकर फर्जी नंबर प्लेट चढ़ाए जा रहे थे।
जहां से पुलिस ने सात लोगों को धर दबोचा, जबकि एक आरोपी मौके से फरार हो गया। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की चार कारें भी बरामद हुईं। एप से जानकारी जुटाने पर दो कारें उत्तराखंड, एक दिल्ली और एक राजस्थान से चोरी की गई थी।
वाहनों को काटने वाले आरोपियों के खिलाफ पुलिस अभियान चला रही है। जिसके तहत टीम ने दबिश देकर सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। -मुकेश चन्द मिश्रा, एसपी देहात
ये भी पढ़ें- बरेली: नए साल में 71 दिन गूंजेगी शहनाई, मई और जून में एक भी शुभ मुहूर्त नहीं
