दिल्ली हवाई अड्डे के टर्मिनल-2 से उड़ानें 1 अक्टूबर से

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नई दिल्ली। दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर एक अक्टूबर से टर्मिनल-2 से दोबारा उड़ानें शुरू होंगी। दिल्ली अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा लिमिटेड (डायल) ने बताया कि एक अक्टूबर से गोएयर की सभी उड़ानें और इंडिगो की ‘2000 सीरीज’ की उड़ानें टी-2 से रवाना होंगी। छह महीने बाद इस टर्मिनल पर उड़ानों की आवाजाही …

नई दिल्ली। दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर एक अक्टूबर से टर्मिनल-2 से दोबारा उड़ानें शुरू होंगी। दिल्ली अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा लिमिटेड (डायल) ने बताया कि एक अक्टूबर से गोएयर की सभी उड़ानें और इंडिगो की ‘2000 सीरीज’ की उड़ानें टी-2 से रवाना होंगी।

छह महीने बाद इस टर्मिनल पर उड़ानों की आवाजाही दोबारा शुरू हो रही है। कोविड-19 के कारण दो महीने बंद रहने के बाद 25 मई को जब देश में घरेलू यात्री उड़ानें दोबारा शुरू हुईं तो उड़ानों की संख्या कम होने की वजह से दिल्ली में सिर्फ एक ही टर्मिनल टी-3 का इस्तेमाल जा रहा था। अब उड़ानों की संख्या बढ़ने के साथ ही कुछ उड़ानों को टी-2 पर स्थानांतरित किया जा रहा है।

डायल ने बताया कि 01 अक्टूबर से टी-2 पर 96 जोड़ी उड़ानों का परिचालन होगा। अक्टूबर के अंत तक यह संख्या बढ़ाकर 180 की जायेगी। टर्मिनल पर गोएयर के लिए 11 और इंडिगो के लिए 16 काउंटर होंगे। एक अक्टूबर को पहली उड़ान सुबह 6.25 बजे रवाना होगी। इंडिगो की यह उड़ान दिल्ली से श्रीनगर जायेगी।

इंडिगो ने बताया कि एक अक्टूबर से इंडिगो की 20 शहरों को जाने वाली उड़ानें टी-2 से जायेंगी। ये शहर हैं – अहमदाबाद, अमृतसर, भुवनेश्वर, बड़ौदा, भोपाल, बेंगलुरु, कोचीन, गुवाहाटी, इंदौर, इम्फाल, इलाहाबाद, जम्मू, औरंगाबाद, लखनऊ, चेन्नई, पटना, रायपुर, श्रीनगर, त्रिवेंद्रम् और विशाखापत्तनम।

अगले चरण में आठ अक्टूबर से 12 और शहरों को जाने वाली इंडिगो की उड़ानें टी-2 पर स्थानांतरित हो जायेंगी। इनमें मुंबई, कोलकाता, कोयम्बटूर, देहरादून, डिब्रूगढ़, गोवा, हैदराबाद, मदुरई, जयपुर, नागपुर, सूरत और वाराणसी शामिल हैं। डायल ने बताया कि टर्मिनल-3 की तरह ही टर्मिनल-2 पर भी कोविड-19 से बचाव के सभी उपाय किये गये हैं। डायल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विदेह कुमार जयपुरियार ने आश्वस्त किया है कि टी-2 पर भी यात्रियों को सुरक्षित और स्वास्थ्यकर वातावरण मिलेगा।

संबंधित समाचार