बरेली: सीएचसी प्रभारी पर सुविधा शुल्क का आरोप, वीडियो वायरल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

आरबीएसके कार्यक्रम में वाहन लगाने को लेकर चालक से की सुविधा शुल्क की मांग

बरेली/बिथरी, अमृत विचार। बिथरी चैनपुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी पर राष्ट्रीय बाल सुरक्षा कार्यक्रम में लगे वाहन के ड्राइवर ने सुविधा शुल्क मांगने का आरोप लगाया है। इसका वीडियो भी वायरल हुआ है। वहीं प्रभारी ने आरोपों को गलत बताया है।

ड्राइवर ओम प्रकाश पटेल के मुताबिक साल 2016 से बिथरी स्वास्थ्य केंद्र आरबीएसके कार्यक्रम के तहत दो वाहन लगे हुए हैं। ओमप्रकाश ने प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. विवेक कुमार पर आरोप लगाया है कि जब से ये प्रभारी बने हैं तब से हर महीने प्रत्येक गाड़ी पर 10 हजार रुपये की सुविधा शुल्क की मांग कर रहे हैं। ऐसा न करने पर लॉग बुक पर हस्ताक्षर न करने की चेतावनी दी है। दिसंबर में एक गाड़ी 10 दिन चलाने के बाद हटा दी और कहा कि इस गाड़ी का रुपये प्रभारी खुद लेंगे, जबकि ठेकेदार द्वारा प्रत्येक गाड़ी पर तीन हजार रुपये प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. विवेक कुमार को दिया जाता है।

इससे पहले भी लगे हैं आरोप
सीएचसी प्रभारी पर पिछले दिनों केंद्र पर संचालित प्रेरणा कैंटीन संचालक के पति जौहरी लाल ने भी 40 प्रतिशत कमीशन न देने पर कैंटीन का भुगतान न करने का आरोप लगाया था। हालांकि फजीहत होने के बाद प्रभारी ने कैंटीन का भुगतान जारी कर दिया था।

ओमप्रकाश की वायरल वीडियो की जानकारी नहीं है। आरोप निराधार हैं। उसकी एक गाड़ी हटाई है क्योंकि वह गाड़ी स्कूल में चला रहा था। शेष के भुगतान के लिए उसकी लॉगबुक पर हस्ताक्षर दो दिन पहले ही कर दिये थे।-- डॉ. विवेक कुमार, सीएचसी प्रभारी, बिथरी

ये भी पढ़ें- बरेली: सरकार कानून वापस लेने के साथ चालकों का दुर्घटना और स्वास्थ्य बीमा भी कराए

संबंधित समाचार