सीतापुर: तेज रफ़्तार कार ने मैजिक को मारी टक्कर,चालक सहित कार सवार 4 गंभीर घायल
अमृत विचार, सीतापुर। लहरपुर कोतवाली इलाके में मैजिक और कार की पीछे से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मैजिक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गई। दर्दनाक हादसे में कार सवार सहित चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गये। जिन्हे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, भदफर चौकी के ग्राम खनियापुर के निकट मैजिक ड्राइवर दिलीप कुमार पुत्र मनोहर लाल 32 वर्ष निवासी केवल पुरवा मैजिक लेकर खमरिया की तरफ जा रहा था।
तभी पीछे से आ रही स्विफ्ट कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मैजिक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाईं में पलट गई। इस हादसे में मैजिक सवार युवक दिलीप सहित कार में बैठे गोवर्धन लाल 70 वर्ष, बेचेलाल 55 वर्ष, छोटेलाल 65 वर्ष पुत्रगण घनश्याम मिश्रा निवासी नकहा जनपद खीरी घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नकहा में भर्ती कराया।
डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद बुजुर्ग गोवर्धन की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल लखीमपुर खीरी रेफर कर दिया। इस संबंध में चौकी प्रभारी धर्मेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि दुर्घटना में घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नकहा में भर्ती करा दिया गया है। जहां उनका इलाज किया जा रहा है। दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर कार्रवाई की जा रही है।
ये भी पढ़े:- पेट्रोल, डीजल की किल्लत, पंप पर क्लोज़ का लगाया बोर्ड, जानिए क्या है मामला, क्यों बढ़ी परेशानी
