हरदोई में चुनावों से पहले बड़े पैमाने पर तैयार हो रहे अवैध हथियार, जंगल के बीच चल रहीं फैक्ट्रियां
हरदोई, अमृत विचार। जिले में आगामी लोकसभा चुनावों से पहले अवैध हथियारों के निर्माण में तेजी आ गई है। हालाँकि पुलिस ने कई लोगों को पकड़ा है फिर भी ये खेल बदस्तूर जारी है। कट्टे और बंदूक बनाने वाले शातिरों ने पुलिस से बचने के लिए अनोखा तरीका ढूंढ निकाला। कहीं खेत तो कहीं जंगल में झोपड़ी डाल कर ऐसे नाजायज़ काम को अंजाम दिया जा रहा है। दो दिन पहले मझिला पुलिस ने खेत में पड़ी झोपड़ी के अंदर से कट्टे और बंदूक बरामद किए थे,उसके बाद पिहानी पुलिस ने जंगल में डाल कर रखी गई झोपड़ी से उसी तरह के दो शातिरों को गिरफ्तार कर लिया। एसपी केशव चन्द्र गोस्वामी ने खुलासा करते हुए जानकारी दी।
एसपी गोस्वामी ने बुधवार को बताया कि एसएचओ पिहानी धर्मदास सिद्धार्थ अपनी टीम के साथ बुधवार की सुबह-सुबह इलाके में चेकिंग कर रहे थे। उसी बीच पता चला कि जहानीखेड़ा रेल पटरी के किनारे जंगल में डाल कर रखी गई झोपड़ी के अंदर कुछ शातिर किस्म के लोग नाजायज़ तरीके से कट्टे और बंदूक बना रहें हैं। इसका पता होते ही पुलिस टीम ने वहां पहुंच कर झोपड़ी की घेराबंदी कर दी और झोपड़ी में असलहे बना रहे कल्लू उर्फ बब्लू पुत्र ओमप्रकाश निवासी मगरापुर और अशोक पुत्र खेमकरन निवासी गुलरवा को दबोच लिया। पुलिस ने वहां से बने और अधबने कट्टे और बंदूक के साथ कारतूस और असलहे बनाने के कई उपकरण बरामद किए हैं।
बताते चलें कि इसी तरह मझिला पुलिस ने सोमवार को शिनगरी नहर पटरी के किनारे किशन के सरसों के खेत में पड़ी झोपड़ी से दो शातिरों को नाजायज़ कट्टे, बंदूक और कारतूसों के साथ गिरफ्तार किया था।
ये भी पढ़ें -नौ माह में बाराबंकी वाले गटक गए पौने चार अरब से अधिक की शराब
