सीतापुर: करोड़ों की नजूल भूमि खाली कराने गई राजस्व टीम से दबंगों ने की अभद्रता
पुलिस के पहुंचने पर मौके से फरार हुए दबंग
सीतापुर/अमृत विचार। खैराबाद कस्बे में नजूल की भूमि को अवैध कब्जेदारों से खाली कराने के दौरान दबंगों ने राजस्व टीम से अभद्रता करते हुए हमला करने का प्रयास किया। डीएम के निर्देश पर राजस्वकर्मियों के साथ नगर पालिका खैराबाद की टीम कब्जेदारों से कब्ज़ा खाली करवाने गई थी। हंगामे की सूचना पर पुलिस के पहुंचते ही अभद्रता कर रहे दबंग मौके से फरार हो गये। नगर पालिका ईओ ने पुलिस को पत्र भेजकर शिकायत की है। हंगामे के बाद राजस्व टीम ने 20 करोड़ रूपये की कीमत की जमीन को कब्ज़ा मुक्त कराया।
जानकारी के अनुसार कस्बे में नजूल की सैकड़ो बीघे जमीनों पर भू माफिया ने कब्जा कर रखा था। बताया जाता है कि इस कब्जे को लेकर कस्बे वासियों ने सैकड़ो की संख्या में जिलाधिकारी व मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायतें दर्ज कराई थी। बुधवार को राजस्व टीम मोहल्ला रौजा दरवाजा पहुंचकर अतिक्रमण हटाने का काम शुरू किया। जहां पर पहले से मौजूद हटौरा निवासी हारून पुत्र कय्यूम तथा रोज दरवाजा निवासी मेराज पुत्र मुनीम सहित एक दर्जन से अधिक लोगों ने मजिस्ट्रेट की गाड़ी को घेर कर हमला करने की कोशिश की।
हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस को देखकर दबंग मौके से फरार हो गए। पुलिस के पहुंचने के बाद राजस्व टीम ने नजूल भूखंड को खाली करा कर उसमें सरकारी बोर्ड लगा दिया। नजूल भूखंड खाली करने गई टीम में मजिस्ट्रेट महेंद्र तिवारी कानूनगो अवधेश पांडे, लेखपाल विवेक पांडे, नजूल इंस्पेक्टर शैलेंद्र कुमार मौजूद थे।
नगर पालिका परिषद खैराबाद अधिशासी अधिकारी प्रेम शंकर गुप्ता ने बताया कि खैराबाद थाना अध्यक्ष टीपी सिंह को दबंगों के खिलाफ कार्रवाई के लिए प्रार्थना पत्र दिया गया है। थानाध्यक्ष टीपी सिंह ने बताया की राजस्व टीम पर हमले को लेकर दबंगों के खिलाफ प्रार्थना पत्र प्राप्त हुआ है। जांच कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें:-स्क्रैप माफिया रवि काना की तलाश में ताबड़तोड़ छापेमारी, पुलिस ने जब्त की करोड़ों की संपत्ति
