पीलीभीत: भगवामय हुई सड़कें, गूंजा जय श्रीराम का उद्घोष, जानिए पूरा मामला....

Amrit Vichar Network
Published By Om Parkash chaubey
On

रामलला प्रतिष्ठा महोत्सव को भव्य बनाने को किया गया आयोजन

पीलीभीत, अमृत विचार: श्री रामलला प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव को भव्य और दिव्य बनाने के लिए शहर में बुधवार को राम भक्तों ने जनजागरण बाइक रैली निकाली। हाथों में भगवा झंडा लिए उत्साहित रामभक्त बाइकों पर सवार होकर जय श्री राम के उद्घोष लगाते चल रहे थे। रैली का कई जगह पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। इस दौरान शहरवासियों ने अयोध्या से आए पूजित अक्षत कलश के दर्शन किए।

 श्री रामलला प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव समिति के तत्वावधान में सनातन धर्म बांके बिहारी राम इंटर कॉलेज में बुधवार सुबह से ही रामभक्तों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। यहां राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग संघचालक ओमप्रकाश गंगवार ने कहा कि प्राण प्रतिष्ठा समारोह को भव्य बनाने के लिए राम भक्तों की टोली अयोध्या से आए पूजित अक्षत, साहित्य और श्री राम मंदिर चित्र को घर-घर पहुंचाने का काम कर रही है।

विभाग प्रचारक श्री धर्मेंद्र भारत ने बताया कि सभी राम भक्त टोलियां पूरे जिले में 15 जनवरी तक घर-घर जाकर अयोध्या से आई पूजन सामग्री का वितरण करेंगे। इस दौरान कथा वाचक शिवानंद शास्त्री, जिला प्रचारक दुष्यंत, नगर प्रचारक सोहनवीर, जिला प्रचार प्रमुख हिमांशु, नगर संघचालक प्रदीप नवरंग, नगर प्रचार प्रमुख अंशुमान तिवारी, जिला अध्यक्ष कृष्ण कुमार गंगवार, जिला संगठन मंत्री प्रिंस गौड़ ने भी विचार रखे।

इसके बाद शहर में राम भक्तों ने जन जागरण बाइक रैली निकाली। रैली कॉलेज प्रागंण से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्ग नई बस्ती चौराहा, काला मंदिर, लेखराज चौराहा, जाटों वाले चौराहा, बरेली गेट, ड्रमडगंज चौराहा, छिपियान चौराहा, चावला चौराहा, गैस चौराहा, सुनगढ़ी थाना, छतरी चौराहा, डिग्री कॉलेज चौराहा होते हुए पुन: कॉलेज प्रागंण में आकर संपन्न हुई।

रैली में  पैदल चल रहे रामभक्त भजनों की धुन पर थिरकते चल रहे थे। उसके पीछे हाथों पर भगवा झंडा लिए सैकड़ों की तादाद में बाइक सवार राम भक्त जय श्रीराम के उद्घोष करते चल रहे थे। शहरवासियों ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। रैली में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, विश्व हिंदू परिषद, हिंदू जागरण मंच, भाजपा समेत अन्य संगठनों के कार्यकर्ता और रामभक्त शामिल रहे।

इस दौरान पूर्व सांसद बलराज पासी, बरखेड़ा विधायक स्वामी प्रवक्तानंद, भाजपा जिलाध्यक्ष संजीव प्रताप सिंह, नगर पालिका चेयरमैन आस्था अग्रवाल, विश्व हिंदू परिषद जिला उपाध्यक्ष जगदीश सक्सेना,स्वतंत्र देवल, प्रवीण मोहन अग्रवाल, महेश पाठक, हरीश दुलवानी, यशवंत सिंह, संजीव मोहन अग्रवाल, हिमांशु पांडेय, अंशुमान, हेमराज दिवाकर, सुमित गंगवार, केशव वैश्य, ऋषि कनौजिया, विकास श्रीवास्तव, अंकुर अग्रवाल, विपिन मिश्रा, हिंदू जागरण मंच युवा वाहिनी के जिलाध्यक्ष आशीष लोधी आदि मौजूद रहे।

 दीपोत्सव मनाने की करते रहे अपील: जन जागरण बाइक रैली शुरू होने से पूर्व राम इंटर कॉलेज में हुई सभा में लोगों से 22 जनवरी को मंदिर, मठ, घर, प्रतिष्ठानों में दीपोत्सव मनाने की अपील की गई थी। इसक बाद राम भक्त जब रैली निकालते हुए मुख्य मार्गों पर पहुंचे तो उस दौरान शहर वासियों को भी इसके लिए जागरूक करते हुए अपील की जाती रही। कहा कि अपने घरों और प्रतिष्ठानों को सजाने के साथ सूर्यास्त के बाद दीयों से रोशन करें।

इस दिन सभी रामभक्त कम से कम 11 या उससे अधिक दीपक जलाकर पावन दिन को भव्य और ऐतिहासिक बनाएं। रैली में सबसे आगे एक वाहन पर सवार श्रीराम, लक्ष्मण, सीता, हनुमान के स्वरूपों में झांकी चल रही थी। उसके पीछे फूलों से सजे एक वाहन पर पूजित अक्षत कलश रखे थे।

ये भी पढ़ें - पीलीभीत: नए साल के तीसरे दिन निकली धूप रही बेअसर, गलन ने बढ़ाई ठंड

संबंधित समाचार