शाहजहांपुर: खोदाई से छिन्न-भिन्न हुईं तीन प्रमुख सड़कों का होगा पुन: निर्माण, जाम से मिलेगा छुटकारा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सीवर लाइन डालने के चलते खुदे पड़े हैं महानगर के प्रमुख मार्ग

शाहजहांपुर,अमृत विचार: खोदाई से छिन्न-भिन्न हुईं महानगर की तीन सड़कों का पुन: निर्माण होगा। लोक निर्माण विभाग इसकी तैयारी कर रहा है। जल्द ही घंटाघर से रोडवेज स्थित रेलवे क्रॉसिंग तक सड़क का निर्माण शुरू हो सकता है। इसी तरह केरूगंज से अंटा चौराहा होकर पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस तक और राजघाट चौकी से पक्का पुल वाले मार्ग का पुन: निर्माण कराया जाएगा। निर्माण पूरा होने से महानगरवासियों को भारी राहत मिलेगी। 

शहर में सीवर लाइन बिछाने का काम साल 2019 से चल रहा है। इसके लिए 377 करोड़ 51 लाख 48 हजार रुपये का बजट स्वीकृत हुआ था। सीवरेज निर्माण का काम दिसंबर 2022 तक पूरा किया जाना था, लेकिन तय समय से एक साल विलंब के बाद भी अब तक काम पूरा नहीं हो पाया है। सीवर लाइन डालने के कारण शहर की हर प्रमुख सड़क और गली में गड्ढों के कारण निकलना मुश्किल है।

जेल रोड पर सड़क को काटकर पांच-छह मीटर गहरी खोदाई करके सीवर लाइन डाली गई है। सड़कों पर अतिक्रमण की वजह से कटाई का काम ठीक से नहीं हो पाता, इसलिए 15 जुलाई तक के लिए शहर की व्यस्ततम इस सड़क को पूरी तरह बंद कर रूट डायवर्जन किया गया था। हालांकि डायवर्जन के बाद भी लोग बंद सड़क से ही निकलते रहे।

ऐसे में हादसे का खतरा बना रहा। सिर्फ यही नहीं खोदाई के चलते तीन साल से लोग परेशान हैं। काम के लेट होने के बाद से लोगों में रोष है। क्योंकि लोग हर दिन जाम के झाम से जूझ रहे हैं। आधे घंटे का सफर एक से डेढ़ घंटे में पूरा कर रहे हैं। ऐसे में उनकी जेब पर अधिक बोझ पड़ रहा है। महानगर में सीवर लाइन डालने के लिए सड़कों की खोदाई की जा रही है। जिसके चलते कई सड़कें बर्बाद हो गई हैं।

अब जाकर जल निगम के काम में तेजी आई है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि लगभग 85 प्रतिशत काम पूरा हो गया है। अगले कुछ महीने में पूरा हो जाएगा। इसके साथ ही एक और राहत भरी खबर आई है। तीन सड़कें लोक निर्माण विभाग शहर में बनाने जा रहा है।

इनमें घंटाघर से रोडवेज स्थित रेलवे क्रॉसिंग तक, केरूगंज से अंटा चौराहा होकर पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस तक और राजघाट चौकी से पक्का पुल वाला मार्ग शामिल है।लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड के अधिशासी अभियंता महेंद्र पाल ने बताया कि सड़कों को सौंपने के लिए पत्राचार किया गया है। जल निगम से सड़कें लेकर निर्माण कार्य शुरू करवाया जाएगा।

संबंधित समाचार