फसलों के नुकसान से ग्रामीण परेशान, पंचायत भवन में बंद किये छुट्टा मवेशी - किया हंगामा
सीतापुर,अमृत विचार। विकासखंड बिसवां में फसलों के नुकसान से नाराज ग्रामीणों ने मवेशियों को पंचायत भवन में बंद कर हंगामा काटा। ग्रामीणों ने मवेशियों को गौशाला शिफ्ट करने की मांग को लेकर अड़े रहे। सूचना पर पहुंचे उच्चाधिकारियों नें ग्रामीणों से वार्ता कर हंगामे को शांत कराया। जिसके बाद पंचायत भवन से मवेशियों को लेकर गौशाला में शिफ्ट कराया गया।
जानकारी के अनुसार, विकासखण्ड क्षेत्र के ग्राम पंचायत पुरैनी के ग्रामीणों ने आवारा मवेशियों को झुंड में खदेड़कर पंचायत भवन में बंद कर दिया। ग्रामीण सरजीत और रामपाल ने बताया कि खेतों में खड़ी फसल सरसो और सब्जी सहित अन्य फसलो को आवारा मवेशी लगातार झुंड में खेतों में पहुंचकर नुकसान पहुंचा रहे है। ग्रामीणों ने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार प्रशासन को अवगत कराया गया, साथ ही मवेशियों को गौशाला पहुंचाने की मांग रखी गयी थी। बावजूद इसके कोई सुनने वाला नही था।
इसी के चलते ग्रामीणों ने झुंड में मवेशियों को खदेड़कर पंचायत भवन में बंद कर दिया। ग्रामीणों की हंगामे की सूचना ग्राम प्रधान ने उच्चाधिकारियों को दी। सूचना पर पहुंचे पंचायत सचिव ने ग्रामीणों से वार्ता कर समझाया और उनकी मांगों को लेकर अफसरों को अवगत कराया। जिसके बाद ग्रामीणों ने हंगामा खत्म कर दिया। नगर पालिका टीम की मदद से पंचायत सचिव ने मवेशियों को गौशाला में शिफ्ट कराया।
ये भी पढ़ें -कात्यायनी शक्तिपीठ शाहाबाद : जय श्री राम लिखने का अभियान शुरू, प्राण प्रतिष्ठा पर रामलला को करेंगे अर्पण
