बरेली: सपा पार्षद समेत चार लोग चोरी की बिजली से ई रिक्शा चार्जिंग स्टेशन चलाते मिले
विजिलेंस टीम ने मोहल्ला सुर्खा में की छापेमारी, पार्षद से नोकझोंक
बरेली, अमृत विचार। शहर में बिजली चोरों के खिलाफ कार्रवाई तेज हो गई है। बुधवार रात विजिलेंस टीम ने एक मोहल्ले में छापेमारी की तो सपा पार्षद समेत चार लोग चोरी की बिजली से ई रिक्शा चार्जिंग स्टेशन चलाते मिले। इस दौरान सपा पार्षद की टीम से नोकझोंक हुई। मामले में टीम ने आरोपियों के खिलाफ बिजली चोरी में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
सुर्खा मोहल्ले में सीओ विजिलेंस मीनाक्षी शर्मा ने टीम के साथ चार स्थानों पर छापेमारी की। इस दौरान चोरी की बिजली से 77 ई रिक्शा चार्ज होते मिले। टीम के अनुसार सपा पार्षद अमान रजा खान, वरकत रजा खान, मोनिस खान और वसीम खान चोरी की बिजली से ई रिक्शा चार्जिंग स्टेशन का संचालन कर रहे थे। सीओ ने बताया कि टीम ने जब चेकिंग की तो सपा पार्षद ने दबाव बनाने का प्रयास किया। टीम से उनकी कहासुनी हुई। कुल 64 किलोवाट की बिजली चोरी पकड़ी गई।
चार स्थानों पर बिजली चोरी पकड़ी गई है। जिसमें एक उपभोक्ता खुद को सपा पार्षद बताकर टीम पर दबाव डाल रहे थे। आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है-मीनाक्षी शर्मा, सीओ विजिलेंस।
मेरे नाम से नामजद रिपोर्ट दर्ज हुई है। यह बेबुनियाद है। जनता ने बुलाया तो मौके पर गया था। मेरे नाम से मीटर भी नहीं है। मेरी किसी अफसर से झड़प नहीं हुई है-अमान रजा पार्षद, मौला नगर।
ये भी पढ़ें-
