बिजनौर : बंदर के हमले से छत से गिरकर महिला की मौत
छत पर उत्पात मचा रहे बंदरों को भगाने गई थी महिला, आक्रोशित लोगों ने प्रशासन से लगाई बंदरों से निजात दिलाने की गुहार
बिजनौर/बढ़ापुर, अमृत विचार। छत से बंदरों को भगाने गई महिला पर अचानक बंदर ने पीछे से हमला कर दिया। इससे डरकर वह नीचे गिर गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गईं। इससे परिजनों में कोहराम मच गया।
नगर में बंदरों ने जमकर उत्पात मचा रखा है। इससे नगरवासी परेशान हैं। बंदरों के कारण कई घटनाएं भी हो चुकी हैं। इससे लोगों में आक्रोश पनप रहा है। गुरुवार को भी एक महिला बंदरों की वजह से मौत के आगोश में समा गई। मुहल्ला लाल सराय निवासी यूसुफ की पत्नी शाहीन (48) गुरुवार देर शाम छत पर उत्पात मचा रहे बंदरों को भगाने के लिये गई थी।
इस दौरान एक बंदर से पीछे से शाहीन पर हमला कर दिया। इससे भयभीत शाहीन छत से गिर गई। आनन-फानन में परिजन शाहीन को चिकित्सक के यहां ले गए। चिकित्सक ने देखते ही शाहीन को मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। इस तरह की घटनाओं से आक्रोशित लोगों ने प्रशासन से बन्दरों से निजात दिलाने की गुहार लगाई है।
ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद : बैंक प्रबंधक के फर्जी हस्ताक्षर से लोन हड़पने वालों की संपत्ति कुर्क
