सुलतानपुर: 2.88 करोड़ से हटाया जाएगा डंपिंग स्थल का कूड़ा, विधायक व चेयरमैन ने किया भूमि पूजन
शासन से कराया गया कूड़ा निस्तारण का टेंडर
सुलतानपुर। चुनावों में मुद्दा बनने वाला अलहदादपुर के कूड़ा डंपिंग स्थल की समस्या से जल्द ही कुछ हद तक निजात मिलेगी। यहां पर 2.88 करोड़ रुपये से नगर पालिका प्रशासन की ओर से कूड़े का निस्तारण कराया जाएगा। शासन ने सीएनडीएस को कार्यदायी संस्था नामित किया है। गुरुवार को विधायक विनोद सिंह व नगर पालिका अध्यक्ष प्रवीन कुमार अग्रवाल ने यहां पर भूमि पूजन कर इस कार्य का शुभारंभ किया।
शहर के पूर्वी छोर पर करीब 35 साल पहले अलहदादपुर में कूड़ा डंपिंग स्थल बनाया गया था। पालिका की आबादी से दूर था। पर तीन दशक में हुए विकास से यह डंपिंग स्थल आबादी के बीच हो गया है। जहां से हमेशा दुर्गंध आती रहती है। बीच बीच में सुलगते सुलगते यहां का कूड़ा पूरे इलाके में धुंआ फैला देता है। जिससे आस-पास के लोग काफी परेशान रहते हैं। सभी चुनावों में इसे मुद्दा बनाया जाता है।
शुक्रवार को यहां पर विधिवत भूमि पूजन कर इसके निस्तारण के कार्य का पूर्व मंत्री व विधायक विनोद सिंह, चेयरमैन प्रवीन अग्रवाल व अन्य ने शुभारंभ किया। विधायक ने कहा कि यह कार्य उनकी प्राथमिकता में शामिल था। चेयरमैन ने बताया कि यहां पर 51 हजार 280 मैट्रिक टन कूड़ा है। करीब पौने तीन लाख रुपये से इसका निस्तारण कराया जा रहा है।
कंपनी की ओर से जल्द ही यहां पर मशीनें स्थापित कर दी जाएगी। कार्यदायी संस्था ने आठ दिन का समय मांगा है। यहां पर सखे कूड़े को अलग-अलग करके उसे निलाम कर हटवाया जाएगा। कंपोस्ट खाद बन चुके कूड़े को किसानों को दिया जाएगा। मौके पर सभासद अखिलेश मिश्र, गिरीश मिश्र, अरुण तिवारी, संजय, संदीप, भाजपा नगर अध्यक्ष आकाश जायसवाल, सुशील त्रिपाठी, प्रवीन मिश्र, श्याम बहादुर पांडेय, विनोद मिश्र आदि रहे।
यह भी पढ़ें; गोंडा: किसानों से सदस्यता शुल्क जमाकर 4.53 लाख हड़प गए सहकारी समितियों के सचिव
