जयपुर दौरे पर आज पीएम मोदी और अमित शाह, स्वागत के लिए भगवामय हुआ शहर
जयपुर। तीन दिवसीय दौरे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज राजस्थान जाएंगे। स्वागत के लिए जयपुर शहर को भगवा रंग में रंगा गया है। एयरपोर्ट से लेकर बीजेपी प्रदेश कार्यालय तक जगह-जगह मोदी-शाह के बड़े-बड़े कटआउट लगाए गए हैं। जयपुर की मेयर सौम्या गुर्जर ने बताया कि पीएम मोदी के स्वागत में विशेष तैयारियां कर गई है। हमारी कोशिश है कि जयपुर में ही राजस्थान के सभी ऐतिहासिक स्थलों को झलक देखने को मिले। वहीं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भारतीय वायुसेना के विशेष विमान पहुंच चुके हैं।
बता दें, प्रधानमंत्री मोदी शुक्रवार शाम 5.30 बजे जयपुर पहुंच जाएंगे। एयरपोर्ट से वे सीधा पार्टी कार्यालय जाएंगे और वहां वे नेताओं संग बैठक करेंगे। 8.10 बजे वे रात्रि विश्राम के लिए चले जाएंगे। इसके बाद 6 जनवरी को सुबह 8:05 बजे पीएम मोदी राज भवन से डीजी-आईजी कॉन्फ्रेंस के लिए रवाना होंगे।
राजस्थान इंटरनेशनल केंद्र में आयोजित इस कॉन्फ्रेंस में पीएम करीब 12 घंटे तक रहेंगे। रात करीब 8.15 बजे वे वापस राज भवन पहुंच जाएंगे। 7 जनवरी को फिर सुबह 8:25 बजे पीएम राज भवन से रवाना होकर 8:35 पर डीजी आईजी कॉन्फ्रेंस में पहुंचेंगे और 4:30 बजे तक यहां रुकेंगे। वहीं 4:50 बजे प्रधानमंत्री दिल्ली के लिए रवाना होंगे
राजस्थान में पहली बार देश भर के वरीय पुलिस अधिकारियों की कॉफ्रेंस 5 से 7 जनवरी के बीच होने जा रही है। इस DG-IG कॉफ्रेंस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ-साथ केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल भी शामिल होंगे। पीएम मोदी के जयपुर पहुंचने से पहले राजधानी स्थित भाजपा का दफ्तर रंग-बिरंगी रोशनी से नहाया हुआ है। महानिदेशक पुलिस राजस्थान यूआर साहू ने बताया कि कॉन्फ्रेंस के लिए सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं।
तीन दिवसीय सम्मेलन में जिन प्रमुख विषयों पर चर्चा की जाएगी उनमें तीन नये आपराधिक कानूनों का कार्यान्वयन, खालिस्तान समर्थक समूहों की गतिविधियां और जम्मू-कश्मीर में आतंकवादी हमला समेत कई मुद्दे शामिल हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी औपचारिक सत्र को संबोधित करने से पहले देश के शीर्ष पुलिस अधिकारियों के साथ बातचीत करेंगे, जबकि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पूरे सम्मेलन के दौरान मौजूद रहेंगे, जिसमें कई सत्र होंगे। पुलिस महानिदेशक और पुलिस महानिरीक्षक रैंक के लगभग 250 अधिकारी जयपुर स्थित राजस्थान अंतरराष्ट्रीय केंद्र में सम्मेलन में भाग लेंगे, जबकि अन्य 200 से अधिक के भी इसमें भाग लेने की संभावना है।
यह भी पढ़ें- जम्मू कश्मीर: शोपियां में आतंकवादियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़, एक आतंकी ढेर
