मुरादाबाद : लोकसभा चुनाव में जीत के लिए दलों का बूथ प्रबंधन पर जोर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

भाजपा, सपा, कांग्रेस सहित सभी दलों के दिग्गज कार्यकर्ताओं से कर रहे नये मतदाताओं से संपर्क का आह्वान

विनोद श्रीवास्तव, अमृत विचार। लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी राजनीतिक पार्टियों का मूलमंत्र बूथ जीता, चुनाव जीता है। भाजपा, सपा, कांग्रेस, बसपा सबका जोर बूथ प्रबंधन कर पार्टी के पक्ष में किलेबंदी करना है। बैठकों में युवाओं को मतदाता बनाने पर जोर दिया गया। अब नये मतदाताओं से संपर्क कर उन्हें बूथों तक पहुंचाने में पार्टी के रणनीतिकार लगे हैं। कमजोर बूथों पर मजबूत उपस्थिति के लिए वरिष्ठ पदाधिकारियों को उतारा जा रहा है। 

मुरादाबाद लोकसभा सीट जीतने में भाजपा के रणनीतिकार जुटे हैं। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी के गृह जिले में 2019 के लोकसभा चुनाव में हार की टीस खत्म करने के लिए इस बार पूरी ताकत बड़ी जीत के लिए झोंकी जा रही है। 2 जनवरी को पार्टी के जिला प्रभारी राजेश यादव ने जिला व महानगर कमेटी के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर आगामी कार्यक्रमों में बूथ जीता चुनाव जीता मूलमंत्र के आधार पर नये मतदाताओं से संपर्क अभियान को गति देने का आह्वान किया। 

बैठक में क्षेत्रीय महामंत्री हरिओम ने भी मार्गदर्शन किया था। वहीं 25 व 26 दिसंबर को प्रदेश अध्यक्ष यूपी जोड़ो यात्रा का नेतृत्व कर रहे कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने सहारनपुर से 20 दिसंबर को शुरू हुई यात्रा के माध्यम से यूपी जोड़ो अभियान में पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं में जोश भरा। 
उन्होंने कहा था कि जनता के अधिकार व हक के लिए कांग्रेस भारत जोड़ो यात्रा के बाद यूपी जोड़ो यात्रा निकाल रही है। प्रदेश अध्यक्ष ने यूपी में पार्टी को मजबूत करने में पश्चिमी यूपी की अहम भूमिका बताई थी। उन्होंने भी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से मतदाता सूची में अपने क्षेत्र के लोगों का नाम सुनिश्चित कराने और बूथों पर मजबूत उपस्थिति दर्ज कराने का आह्वान किया।

पार्टी लोकसभा चुनाव में बड़ी जीत दर्ज करेगी। भाजपा पूरे साल विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से जनता के बीच रहती है। भाजपा जनता की आवाज है। बूथ जीता चुनाव जीता के पार्टी के मूलमंत्र पर चलकर मुरादाबाद ही नहीं प्रदेश की सभी 80 सीटें जीतेंगे। -आकाश पाल,  जिलाध्यक्ष, भाजपा 

पार्टी के नेता, पदाधिकारी, कार्यकर्ता जनता के हक की आवाज के साथ खड़े हैं। भारत जोड़ो के बाद यूपी जोड़ो यात्रा को जनता का पूरा समर्थन मिल रहा है। लोकसभा चुनाव में पार्टी बेहतर प्रदर्शन करेगी।-असलम खुर्शीद, जिलाध्यक्ष, कांग्रेस 

लोकसभा चुनाव में दमदारी से लड़कर मुरादाबाद सीट को फिर जीतेंगे। पार्टी के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ताओं को चुनाव में बड़ी जीत के लिए बूथ स्तर पर काम करने में जुटने को कहा गया है। जनता के समर्थन से लोकसभा चुनाव में शानदार प्रदर्शन करेंगे। -डीपी यादव, जिलाध्यक्ष सपा

कमजोर बूथों पर पार्टी की दमदारी बढ़ाएंगे वरिष्ठ सपाई 
लोकसभा चुनाव में जीत के लिए समाजवादी पार्टी भी बूथ जीता चुनाव जीता के मूलमंत्र पर काम कर रही है। लोकसभा चुनाव में पार्टी प्रत्याशी की जीत पक्की करने के हर विधानसभा क्षेत्र में 100 कमजोर बूथों को चिह्नित कर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को वहां की जिम्मेदारी दी गई है। यह पदाधिकारी स्थानीय कार्यकर्ताओं को लेकर उन बूथ कमेटियों का गठन, विस्तार और बूथ प्रबंधन पर काम करेंगे।

सपा जिलाध्यक्ष डीपी यादव ने पार्टी नेतृत्व के द्वारा 21 दिसंबर को हुई बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार प्रदेश कार्यसमिति के पदाधिकारियों को विधानसभा वार कमजोर चिह्नित बूथों को मजबूत बनाने की जिम्मेदारी सौंपी है। जिसमें कांठ विधानसभा क्षेत्र में प्रदेश सचिव अनीसुर्रहमान सैफी, जयपाल सिंह सैनी, ठाकुरद्वारा में जयवीर सिंह यादव विशेष आमंत्रित सदस्य, मुरादाबाद देहात क्षेत्र में प्रदेश सचिव फिरासत हुसैन गामा, मुरादाबाद नगर विधानसभा क्षेत्र में विशेष आमंत्रित सदस्य अतहर हुसैन अंसारी, सैय्यद आरिज मियां, मोहम्मद शोएब हसन पाशा, कुन्दरकी में प्रदेश सचिव गुलजार अहमद व हाजी इफ्तिखार अली और बिलारी विधानसभा क्षेत्र की जिम्मेदारी प्रदेश सचिव जुगल किशोर वाल्मीकि को दी है।

ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : बेसिक स्कूलों की किताब पर होंगे नशे के खिलाफ जागरूकता वाले पोस्टर

संबंधित समाचार