सर्दी के मौसम में हृदय के मरीजों को रहना होगा सावधान, बोले सीएमओ
अमेठी। मौसम में बदलाव अपने साथ विभिन्न प्रकार की बीमारियों को अपने साथ लेकर आता है। ठंड के मौसम में सांस और दिल के मरीजों को विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है। इन दिनों अस्पतालों में हृदय और सांस के रोगियों की संख्या में इजाफा होना शुरू हो चुका है। चिकित्सक भी उन्हें सावधानी बरतने के लिए सलाह दे रहे हैं।
सीएमओ डॉ. अंशुमान सिंह ने बताया कि अधिक सर्दी होने पर हृदय रोगियों की रक्त धमनियां सिकुड़ने लगती हैं। इस कारण रक्तचाप बढ़ने लगता है और हृदयघात का खतरा भी बढ़ जाता है। हालांकि थोड़ी सी सावधानी बरतने से इससे काफी हद तक बचा जा सकता है। नियमित रूप से सुबह की सैर करने वाले लोग बिस्तर छोड़ने के तुरंत बाद घर से नहीं निकलें।घर पर ही थोड़ा व्यायाम करें। घर से बाहर निकलने से पहले पर्याप्त मात्रा में गर्म कपड़े पहन लें।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अंशुमान सिंह ने बताया कि ठंड में हृदय तक रक्त पहुंचाने वाली धमनी में वसा का जमाव हो जाने के कारण रक्त का बहाव कम हो जाता है। इस कारण हृदय की मांस पेशियों में आक्सीजन की कमी हो जाती है, जो हृदयाघात होने का कारण बनता है। हृदयरोगी सूरज निकलने के बाद ही सैर करने जाएं तो बेहतर है। खराब मौसम में घूमने नहीं जाएं और अपनी दवाएं समय से खाएं। सीने के बीच में दर्द हो तो इसीजी जरूर कराएं। इसे सिर्फ गैस का दर्द नहीं मानें।
ये भी पढ़ें -बहराइच: 21 साल पुराने मामले में भाजपा विधायक सुरेश्वर को 2 साल की सजा, 2500 रुपए का अर्थदंड
