बरेली: फर्जी परीक्षार्थी को प्रवेश पत्र जारी करने वाला विद्यालय होगा डिबार
जिले के सभी परीक्षा केंद्र और जिला कंट्रोल रूम पर मुख्यालय से होगी निगरानी
बरेली, अमृत विचार। यूपी बोर्ड परीक्षा की तैयारियां तेज हो गई हैं। नकलमाफिया पर अंकुश लगाने के लिए जिले के सभी परीक्षा केंद्रों को राउटर और इंटरनेट के माध्यम से जोड़ा जाएगा। सभी परीक्षा केंद्रों की निगरानी जिला स्तरीय परीक्षा कंट्रोल रूम से होगी। कंट्रोल रूम की सीधी निगरानी मुख्यालय से की जाएगी।
परीक्षा में परीक्षार्थी की जगह कोई अन्य युवक परीक्षा देते मिला तो प्रवेश पत्र जारी करने वाले विद्यालय को डिबार किया जाएगा। कंट्रोल रूम में प्रत्येक कंप्यूटर पर न्यूनतम 10 और अधिकतम 16 परीक्षा केंद्रों के निरंतर निरीक्षण की व्यवस्था की जाएगी। इसके लिए राजकीय विद्यालय के दो-दो शिक्षकों की ड्यूटी लगाई जाएगी।
परीक्षा के दौरान सचल दल, डीआईओएस सहित कंट्रोल रूम के सभी कर्मी परीक्षा तक फोन या सोशल मीडिया के माध्यम से लगातार संपर्क में रहेंगे। इसके परिषद की रूपरेखा के मुताबिक जिला स्तर पर बनाए गए इस कंट्रोल रूम की निगरानी जिलाधिकारी की ओर से नामित प्रशासनिक अधिकारी करेंगे। प्रत्येक परीक्षा केंद्र के केंद्र व्यवस्थापक और प्रधानाचार्य केंद्र में लगे डीवीआर का स्टेटिक आईपी एड्रेस, उनकी यूजर आईडी और पासवर्ड परीक्षा प्रारंभ होने के एक माह पूर्व जिला विद्यालय निरीक्षक को उपलब्ध कराएंगे। वाइस रिकॉर्डर युक्त सीसीटीवी कैमरे की रिकॉर्डिंग कम से कम 30 दिनों तक सुरक्षित रखने की व्यवस्था होगी।
केंद्र पर कोई फर्जी परीक्षार्थी पकड़ में आया तो प्रवेश पत्र जारी करने वाले विद्यालय के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। संबंधित विद्यालय को डिबार कर दिया जाएगा-देवकी सिंह, डीआईओएस।
ये भी पढ़ें- बरेली: जेल रोड पर चल रहा सैक्स रैकेट, बनाया अधेड़ को अपना शिकार
