NIA ने की बड़ी कार्रवाई, 3 राज्यों में लॉरेंस बिश्नोई सिंडिकेट सदस्यों की 4 संपत्तियां कुर्क 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नई दिल्ली। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने आज(शनिवार) खूंखार गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के संगठित आतंकी-अपराध सिंडिकेट के सदस्यों की चार संपत्तियों को जब्त कर लिया है।

कुर्क की गई संपत्तियों में फ्लैट-77/4, आश्रय-1, सुलभ आवास योजना, सेक्टर-1, गोमती नगर एक्सटेंशन, लखनऊ, उत्तर प्रदेश शामिल है, जो लखनऊ, उत्तर प्रदेश में आतंकवादी गिरोह के सहयोगी विकास सिंह से संबंधित है। कुर्क की गई दो अन्य संपत्तियां गांव बिशनपुरा, फाजिल्का, पंजाब में स्थित थीं, जो आरोपी दलीप कुमार उर्फ भोला दलीप बिश्नोई की थीं। साथ ही जोगिंदर सिंह पुत्र हुकुम सिंह निवासी यमुनानगर, हरियाणा के नाम पर पंजीकृत एक फॉर्च्यूनर कार भी जब्त की गई है।

एनआईए की जांच के अनुसार, विकास सिंह लॉरेंस बिश्नोई का सहयोगी है, जिसने पंजाब पुलिस मुख्यालय पर आरपीजी हमले में शामिल आरोपियों समेत आतंकवादियों को शरण दी, जबकि जोगिंदर सिंह लॉरेंस बिश्नोई के करीबी सहयोगी गैंगस्टर काला राणा का पिता है।

जोगिंदर सिंह आतंकवादी कृत्यों को बढ़ावा देने के लिए हथियारों और गोला-बारूद के परिवहन के उद्देश्य से अपनी फॉर्च्यूनर कार का उपयोग करने की अनुमति देकर गिरोह के सदस्यों को सुविधा प्रदान कर रहा था।

साथ ही आरोपी दलीप कुमार की संपत्ति का उपयोग हथियारों के भंडारण और छुपाने के लिए आश्रय/गोदाम के रूप में और आतंकवादी गिरोह के सदस्यों को शरण देने के लिए भी किया जा रहा था।

आपको बता दें एनआईए ने अगस्त 2022 में गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और उसके सहयोगियों के संगठित अपराध सिंडिकेट के खिलाफ यूए(पी)ए के तहत मामला दर्ज किया था। एजेंसी की जांच से पता चला कि गिरोह ने देश के कई राज्यों में अपने माफिया शैली के आपराधिक नेटवर्क फैलाए थे।

ये नेटवर्क कई सनसनीखेज अपराधों में शामिल थे, जैसे लोकप्रिय पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला के साथ-साथ प्रदीप कुमार जैसे धार्मिक और सामाजिक नेताओं की हत्या के अलावा व्यापारियों और पेशेवरों से बड़े पैमाने पर जबरन वसूली।

यह भी पढ़ें- दिल्ली की सातों सीटों पर चुनाव लड़ेगी राष्ट्रीय नागरिक पार्टी, किन्नर उम्मीदवार भी उतारेगी मैदान में

संबंधित समाचार